Tiger Point Fall: सरगुजा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब 30 वर्षीय युवक मयंक यादव की टाइगर प्वाइंट से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से बीमारी से परेशान था और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। पुलिस को आशंका है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है।
40 फीट ऊंचाई से गिरा युवक
घटना दोपहर करीब 2 बजे की है, जब नर्मदापुर निवासी मयंक यादव, मैनपाट के टाइगर प्वाइंट पर घूमने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह झरने के पास पहुंचा और संदिग्ध परिस्थिति में अचानक नीचे गिर गया। युवक करीब 40 फीट नीचे पत्थरों पर गिरा, जिससे सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के समय वहां बड़ी संख्या में सैलानी मौजूद थे, जो इस दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गए। कुछ लोगों ने तत्काल कमलेश्वरपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव किया बरामद, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झरने से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मैनपाट अस्पताल भेजा गया। मृतक के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। परिजन बेटे की असमय मौत से सदमे में हैं।
बीमारी से परेशान था युवक, पहले भी कर चुका था आत्महत्या की कोशिश
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मयंक यादव ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था और लंबे समय से मानसिक तनाव में था। परिजनों के अनुसार, 10 दिन पहले उसने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश भी की थी, लेकिन समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया गया और इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी।
पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
मैनपाट का टाइगर प्वाइंट एक प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल है, जहां हर सप्ताह सैकड़ों सैलानी घूमने आते हैं। इस घटना के बाद पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टाइगर प्वाइंट जैसे खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी बोर्ड और निगरानी की सख्त जरूरत है।