अंबिकापुर @thetarget365 सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केवरा नर्सरी में शनिवार दोपहर एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान अमन महिलाग़ 20 वर्ष, निवासी ग्राम बधियाचूआ, महामाया पहाड़, अंबिकापुर के रूप में की गई है। घटना के बाद से मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और पुलिस से सूक्ष्म जांच की मांग कर रहे हैं।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अमन गुरुवार को अपने ससुराल ग्राम अमदला गया था। शनिवार 03 मई को उसकी पत्नी ने अमन के अचानक कहीं चले जाने की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन ग्राम अमदला पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान केवरा नर्सरी के सागौन पेड़ पर अमन का शव फांसी के फंदे से झूलता मिला, जबकि कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल खड़ी पाई गई।
सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया। शव को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मर्चुरी में रखा गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद से मृतक के घर में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि अमन आत्महत्या नहीं कर सकता है। परिजनों को किसी गहरी साजिश की आशंका है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।