अंबिकापुर @thetarget365 थाना गांधीनगर क्षेत्र में एक महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी ठेकेदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। शादी का झांसा देकर अनाचार करने का आरोप उक्त ठेकेदार पर सहकर्मी महिला ने लगाया है।
पीड़िता ने 2 फरवरी 2025 को थाना गांधीनगर में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह तीन साल पहले गोधनपुर में किराये का कमरा लेकर मजदूरी का काम कर रही थी। इसी दौरान संजय राणा, जो ठेकेदारी करता था, के अंडर में वह काम कर रही थी। वर्ष 2022 में आरोपी संजय राणा ने गोधनपुर स्थित पीड़िता के किराये के कमरे में आकर शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने शादी की बात कही, तो आरोपी ने गाली-गलौज कर मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 88/25 के तहत धारा 64 (2) (एम), 296, 351(3), 115(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। आरोपी की तलाश की जा रही थी और पुलिस के सतत प्रयास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय राणा 35 वर्ष, निवासी कपिलो, थाना बिरनी, जिला गिरिडीह, झारखंड बताया। आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक रश्मि सिंह, महिला आरक्षक तेजेश्वरी राजवाड़े, आरक्षक ऋषभ सिंह, रामकेश्वर सिंह, अतुल सिंह, संजीव चौबे और सत्येंद्र दुबे की सक्रिय भूमिका रही।