Adventic theft : बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियो चौकी इलाके में चोरों ने सोमवार देर रात एक ज्वेलरी और बर्तन दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए का माल साफ कर दिया। ताले तोड़कर घुसे चोर सोने-चांदी के जेवरात से लेकर कांस के बर्तनों तक सब समेट ले गए। वारदात का खुलासा मंगलवार सुबह हुआ, जब दुकानदार को पड़ोसियों ने टूटे ताले की जानकारी दी। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, बरियो के चारपारा निवासी ओमप्रकाश सोनी की बस स्टैंड के पास ‘कृष्ण ज्वेलर्स’ नामक दुकान है, जिसका संचालन उनके बेटे गौतम सोनी करते हैं। सोमवार रात करीब 9 बजे गौतम ने दुकान बंद की थी। लेकिन रात के अंधेरे में चोरों ने शटर और अलमारी का ताला तोड़ डाला। सुबह गौतम जब मौके पर पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा हुआ और अलमारी खाली मिली।
गौतम ने बताया कि दुकान से लगभग 25 ग्राम सोने के जेवरात—मंगलसूत्र, झाला, लॉकेट आदि के अलावा करीब 5 किलो चांदी के पायल, सिक्के और बर्तन चोरी हो गए। इसके साथ ही ग्राहकों के मरम्मत हेतु दिए गए सोने-चांदी के आभूषण भी गायब मिले। चोर 25 किलो कांस के बर्तन भी समेट ले गए। कुल मिलाकर नुकसान लाखों में आंका जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बरियो पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
इस चोरी की वारदात से इलाके के व्यापारी और आम लोग खासे चिंतित हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोग पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और चोरों को शीघ्र पकड़ने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।


















