Snake Bite Miracle UP: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक अविश्वसनीय लेकिन सच लगने वाली घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ डॉक्टरों, बल्कि ग्रामीणों और सोशल मीडिया यूजर्स को भी हैरत में डाल दिया है। जवाहरपुर गांव की रहने वाली रहमतुल बानो नामक एक युवती को अब तक 41 बार सांप डस चुका है, लेकिन हर बार वह मौत के मुंह से बच निकलती है।

हर बार सिर्फ इसी युवती को बनाता है निशाना
परिजनों का दावा है कि सांप सिर्फ रहमतुल बानो को ही निशाना बनाता है, जबकि परिवार के किसी और सदस्य को आज तक कोई नुकसान नहीं हुआ। गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक बार फिर सांप ने उसे डस लिया। आनन-फानन में परिजन उसे देवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे, जहां उसे बेहोशी की हालत में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में फिलहाल उसका स्वास्थ्य स्थिर है।

“यह हमारी हकीकत है, कोई कहानी नहीं” – भाई
पीड़िता के भाई आज़ाद ने मीडिया को बताया, “मेरी बहन को इससे पहले भी 40 बार अलग-अलग मौकों पर सांप ने डसा है। हमने उसे लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर तक ले जाकर इलाज कराया। हर बार वह बच गई। ये कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि हमारी सच्चाई है।”
डॉक्टर भी हैरान, गांव में मचा शोर
देवा CHC के डॉक्टरों का कहना है कि मेडिकल साइंस में ऐसा केस बेहद दुर्लभ है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस युवती को पहले भी कई बार लाया गया है, हर बार यही कहा जाता है कि सांप ने काटा है, लेकिन एक ही व्यक्ति को इतने बार सांप द्वारा डसा जाना संदेहास्पद भी है।
CHC अधीक्षक ने कहा, “इस तरह की घटनाएं जांच का विषय हैं। मेडिकल रूप से इसे समझना मुश्किल है कि कोई व्यक्ति 41 बार सांप के जहर से जूझ कर भी जिंदा रह सकता है। हम केस की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।”
ग्रामीणों में फैली अलौकिक मान्यता
गांव में यह घटना भय, जिज्ञासा और आस्था का केंद्र बन चुकी है। कुछ लोग इसे पिछले जन्म का कर्ज, तो कुछ अलौकिक शक्ति का असर बता रहे हैं। वहीं कुछ ग्रामीणों का मानना है कि “इस लड़की पर कोई साया है या किसी विशेष कारण से सांप उसे ही बार-बार डसता है।”
क्या है इसके पीछे की वैज्ञानिक वजह?
विशेषज्ञों का मानना है कि बार-बार सांप के डसने के मामलों में कई बार हिस्टेरिया, मनोवैज्ञानिक कारण, या स्व-निर्मित घटनाएं (Self-induced) भी सामने आती हैं। ऐसे मामलों में गहन मेडिकल जांच और निगरानी जरूरी होती है।
रहमतुल बानो का यह मामला एक रहस्य बन चुका है 41 बार सांप का डसना और हर बार बच जाना, अपने आप में एक अविश्वसनीय घटना है। फिलहाल मेडिकल टीम इलाज में जुटी है और प्रशासन इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। इस घटना ने न केवल गांव में, बल्कि पूरे जिले में चर्चा और कौतूहल का माहौल बना दिया है।
Read More : India UN Palestine Vote: संयुक्त राष्ट्र में फिलिस्तीन पर मतदान, भारत ने दो-राष्ट्र समाधान का समर्थन किया










