Ambikapur road protest : शहर की बदहाल सड़कों और ट्रिपल इंजन सरकार की कथित निष्क्रियता के विरोध में मंगलवार को यूथ इंटक और जिला कांग्रेस कमेटी ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए भारत माता चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर एक घंटे का सांकेतिक चक्काजाम किया। इस विरोध प्रदर्शन का स्लोगन था—“गड्ढे में गाड़ी चलाने का प्रशिक्षण”, जिसके जरिए प्रदर्शनकारियों ने सरकार से कटाक्ष किया कि जब सड़क सुधार की कोई उम्मीद नहीं है, तो जनता को अब गड्ढों में चलने की आदत डाल लेनी चाहिए।



मुखौटे पहन सड़क पर गाड़ी धकेल कर जताया विरोध
प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और महापौर के मुखौटे पहनकर जर्जर सड़कों पर मोटरसाइकिल को हाथ से धकेला, जिससे यह संदेश दिया गया कि ट्रिपल इंजन की सरकार से उम्मीद करना व्यर्थ है। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश सचिव शैलेन्द्र प्रताप सिंह और यूथ इंटक प्रदेश अध्यक्ष आशीष शील ने किया।

सड़कों पर गड्ढे, सरकार से जवाबदेही गायब
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम तीनों की लापरवाही के चलते शहर की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।
यूथ इंटक द्वारा सप्ताह भर पहले दिए गए ज्ञापन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद विरोध स्वरूप यह चक्काजाम किया गया।

भाजपा के “ट्रिपल इंजन विकास” पर तंज

इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा, “ट्रिपल इंजन सरकार ने ट्रिपल विकास का वादा कर वोट लिया और अब लोगों को बिजली बिल बढ़ाकर, छूट खत्म कर और खराब सड़कों पर भारी टोल टैक्स के साथ चलने के लिए मजबूर कर दिया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब आम जनता नहीं बल्कि एक विशेष पूंजीपति के लिए काम कर रही है, जिसे सरगुजा की छाती छीलकर खनिज दोहन का अधिकार दे दिया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग पर सीधा हमला
पूर्व 20 सूत्रीय कार्यक्रम उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने आरोप लगाया कि शहर के भीतर की अधिकांश सड़कें राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अंतर्गत हैं, लेकिन तीन वर्षों से विभाग “बजट नहीं होने” का बहाना बनाकर मरम्मत कार्य नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि विभाग का यह रवैया मोदी सरकार की जनविरोधी सोच को दर्शाता है।
भाजपा विधायकों पर सड़क से किनारा करने का आरोप

शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने रायगढ़ रोड की दुर्दशा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मार्ग सरगुजा जिले के तीनों भाजपा विधायकों की विधानसभा को जोड़ता है, लेकिन वे अब खुद इस रास्ते का उपयोग नहीं करते। अंबिकापुर विधायक पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वे शहर की हालत से भाग खड़े हुए हैं।
बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर शहर की सड़कों की मरम्मत शुरू नहीं की गई, तो कांग्रेस और यूथ इंटक बड़े जन आंदोलन की शुरुआत करेंगे। प्रदर्शन में शामिल प्रमुख कार्यकर्ताओं में हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, दुर्गेश गुप्ता, कलीम अंसारी, अनिल सिंह कर्नल, जीवन यादव, अमित तिवारी राजा, शुभम जायसवाल, रोशन कन्नौजिया, आर्यन चौबे सहित करीब 40 से अधिक कांग्रेस और यूथ इंटक के सदस्य शामिल रहे।











