Ambikapur Sports News : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का सोमवार को भव्य समापन हुआ। 23 से 26 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 404 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर मंजूषा भगत रहीं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हार-जीत से नहीं घटती प्रतिभा: महापौर मंजूषा भगत
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि खेल में हार और जीत स्वाभाविक है। प्रतियोगिता में भाग लेना और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना भी बड़ी उपलब्धि है। हारने से किसी खिलाड़ी की काबिलियत कम नहीं होती। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना बनाए रखने, लगातार मेहनत करने और भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। महापौर ने कहा कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में भाग लेकर अपने स्कूल, शिक्षकों, माता-पिता और राज्य का नाम रोशन करें।

बैडमिंटन में दुर्ग और बस्तर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
बैडमिंटन के 17 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग ने पहला, रायपुर ने दूसरा और बिलासपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी आयु वर्ग की बालिका स्पर्धा में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और सरगुजा तृतीय रहा। 19 वर्ष बालक वर्ग में भी दुर्ग ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहा। 19 वर्ष बालिका वर्ग में बस्तर विजेता बना। दुर्ग को दूसरा और सरगुजा को तीसरा स्थान मिला।
बास्केटबॉल और फुटबॉल में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
बास्केटबॉल के 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर ने पहला, सरगुजा ने दूसरा और बिलासपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 17 वर्ष बालिका वर्ग में भी रायपुर की टीम विजेता रही। दुर्ग दूसरे और सरगुजा तीसरे स्थान पर रहा। फुटबॉल के 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। सरगुजा दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा।
सॉफ्ट टेनिस में बिलासपुर और रायपुर का दबदबा
सॉफ्ट टेनिस के 14 और 17 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों में रायपुर दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहे। 19 वर्ष बालक वर्ग में भी बिलासपुर विजेता बना, जबकि दुर्ग दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग की 14, 17 और 19 वर्ष की तीनों स्पर्धाओं में रायपुर ने पहला स्थान हासिल किया। दुर्ग और बिलासपुर ने विभिन्न वर्गों में दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया।

ओवरऑल चैंपियनशिप में रायपुर प्रथम
प्रतियोगिता की समग्र रैंकिंग में रायपुर ने पहला स्थान हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। दुर्ग दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहा। सरगुजा को चौथा तथा बस्तर को पांचवां स्थान मिला।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को बनाया यादगार
समापन समारोह में हॉली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने बंगाली संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। उर्सुलाइन स्कूल के बच्चों ने कर्मा नृत्य और बिरनीबेड़ा स्कूल के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। विकास सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा, डीएमसी सर्वजीत पाठक, खेल नोडल अधिकारी रविशंकर पाण्डेय सहित अधिकारी, शिक्षक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
Read More : Kal Ka Mausam 27 October 2026: चक्रवात अर्णब मचाएगा तबाही? इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

