Anant Ambani Vrindavan Visit : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी इन दिनों दो दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा पर भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन पहुंचे हैं। ब्रजभूमि पहुंचते ही अनंत अंबानी पूरी तरह कृष्ण भक्ति में लीन नजर आए। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा पूरी की और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।उनके आगमन की जानकारी मिलते ही गोवर्धन और परिक्रमा मार्ग पर स्थानीय लोगों तथा श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। अनंत अंबानी की यात्रा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। मंदिर परिसरों से लेकर परिक्रमा मार्ग तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई, ताकि दर्शन और धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
गिरिराज पर्वत को वैष्णवों के लिए परम पवित्र मानते हैं अनंत अंबानी
गोवर्धन परिक्रमा पूरी करने के बाद अनंत अंबानी ने मीडिया से बातचीत में अपनी धार्मिक आस्था और ब्रजभूमि से जुड़ाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गिरिराज पर्वत उनके दादा-दादी, माता-पिता और समस्त वैष्णव एवं हिंदू समाज के लिए अत्यंत पवित्र स्थान है।उन्होंने कहा कि यह श्रीनाथजी का जन्मस्थान है और इसी पावन भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत धारण किया था। अनंत अंबानी के मुताबिक, लंबे समय से उनके मन में गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने और भगवान श्रीकृष्ण के साथ आध्यात्मिक जुड़ाव महसूस करने की इच्छा थी। इसी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ वह ब्रजभूमि पहुंचे हैं।

जतीपुरा मुखारविंद मंदिर में किए गिरिराज महाराज के दर्शन
अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान अनंत अंबानी आगरा से गोवर्धन पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने गंगाधाम आश्रम में पहुंचकर दर्शन किए। आश्रम में नाथद्वारा के तिलकायत गोस्वामी विशाल बाबा ने उनका स्वागत किया। कुछ समय आश्रम में बिताने के बाद अनंत अंबानी विशाल बाबा के सानिध्य में पैदल जतीपुरा स्थित प्रसिद्ध गोवर्धन गिरिराज मुखारविंद मंदिर पहुंचे।मंदिर में उन्होंने विधि-विधान के साथ गिरिराज महाराज का पूजन किया और विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए। इसके बाद वह गिरिराज महाराज की दिव्य शृंगार आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। मंदिर में उनकी सादगी और भक्ति भाव ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।

मदन मोहन जी मंदिर में भी लिया आशीर्वाद
गोवर्धन मुखारविंद मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद अनंत अंबानी मदन मोहन जी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए और विधिवत पूजा संपन्न की। मंदिर के सेवायत ने उन्हें विशेष आशीर्वाद दिया और उनकी मनोकामनाएं पूरी होने की कामना की।इस दौरान अनंत अंबानी पूरी तरह धार्मिक माहौल में नजर आए। उनकी यात्रा में ब्रजभूमि के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा विशेष रूप से दिखाई दी।
आज बांके बिहारी मंदिर में करेंगे विशेष पूजा-अर्चना
अनंत अंबानी की दो दिवसीय ब्रज यात्रा का अगला पड़ाव वृंदावन का विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह आज मंदिर पहुंचकर बांके बिहारी जी महाराज के दर्शन करेंगे और विशेष पूजा-अर्चना में शामिल होंगे।उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए वृंदावन के मंदिर क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बांके बिहारी मंदिर में दर्शन और पूजा संपन्न करने के बाद अनंत अंबानी ब्रज यात्रा पूरी कर आगे के सफर के लिए आगरा रवाना होंगे। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की चर्चा स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच बनी हुई है।


