Anil Vij profile update: हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री अनिल विज एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार कारण है उनका सोशल मीडिया हैंडल X (पूर्व में ट्विटर) पर किया गया बदलाव। अनिल विज ने अपनी प्रोफाइल से ‘मंत्री’ शब्द हटा दिया है और उसकी जगह केवल “Ambala Cantt” लिखा है। इससे उनके पार्टी नेतृत्व से नाराज होने की अटकलें फिर से तेज़ हो गई हैं।

विज ने दी सफाई – “कोई गलत मतलब न निकाला जाए”
जब अनिल विज से इस बदलाव के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा,”मेरी अपनी व्यूअरशिप है, जो अनिल विज के नाम से है। मैं X तब से चला रहा हूं जब मेरे पास कोई पद नहीं था। मैं इसे पद से अलग रखना चाहता हूं। जो लोग मेरे कंटेंट से जुड़ना चाहते हैं, वे जुड़े। इसका कोई और मतलब न निकाला जाए।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके फॉलोअर्स उनकी पहचान और विचारों के कारण हैं, न कि किसी पद के कारण।

पिछली नाराजगी और विवाद
हालांकि विज का यह बयान साफ है, लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनकी नाराजगी के संकेत कई बार सामने आ चुके हैं।12 सितंबर को उन्होंने X पर लिखा था, “अंबाला छावनी में कुछ लोग समानांतर बीजेपी चला रहे हैं, जिनको ऊपर वालों का आशीर्वाद भी प्राप्त है। पार्टी का बहुत नुकसान हो रहा है।”
इससे पहले फरवरी में, उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ भी तीखी टिप्पणी की थी, जिसके चलते पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था।विज ने यह भी आरोप लगाए थे कि विधानसभा चुनावों में उन्हें हराने की साजिश रची गई थी।
सात बार के विधायक, अंबाला कैंट से मजबूत पकड़
अनिल विज अंबाला कैंट से लगातार सात बार विधायक चुने गए हैं और हरियाणा की राजनीति में भाजपा का एक बड़ा चेहरा माने जाते हैं। अपने बेबाक और निर्भीक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले विज का सोशल मीडिया पर भी खासा प्रभाव है।
राहुल गांधी पर तीखा हमला
विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। राहुल के वोट चोरी संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा,
“राहुल गांधी विश्व के पहले ऐसे नेता हैं जो अपने ही देश में एटम बम और हाइड्रोजन बम गिराने की भावना रखते हैं। उनकी सोच में नकारात्मकता इतनी हावी है कि न वे अच्छा सोचते हैं और न ही अच्छा बोलते हैं।”विज ने यह भी कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात रखने का अधिकार है, लेकिन शब्दों का चयन जिम्मेदारी से किया जाना चाहिए।
अनिल विज द्वारा X प्रोफाइल से ‘मंत्री’ शब्द हटाना यूं तो उनके अनुसार एक सामान्य निर्णय है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। हरियाणा की राजनीति में आगामी चुनावों को देखते हुए यह घटनाक्रम भाजपा के लिए संकेत जरूर देता है कि संगठन के भीतर असंतोष को पूरी तरह शांत नहीं किया जा सका है।
Read More: Samir Modi Arrested: रेप केस में गिरफ्तार हुआ ललित मोदी का भाई समीर मोदी, विदेश भागने की थी तैयारी










