Jadavpur University Death: पश्चिम बंगाल की प्रतिष्ठित जादवपुर यूनिवर्सिटी एक बार फिर चौंकाने वाली घटना की वजह से सुर्खियों में है। यूनिवर्सिटी की एक थर्ड ईयर की छात्रा की मौत से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया है। छात्रा का शव यूनिवर्सिटी परिसर के भीतर स्थित तालाब से बरामद हुआ। मृतक छात्रा इंग्लिश डिपार्टमेंट की थी और उसकी पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है।

कैसे हुआ हादसा?
घटना 11 सितंबर की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। उस समय यूनिवर्सिटी के गेट नंबर 4 के पास एक छात्र संगठन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। भीड़भाड़ के बीच छात्रा यूनियन रूम के पास बने बाथरूम गई थी, जिसके कुछ ही देर बाद वह पास के तालाब में गिर गई।

करीब 5 से 7 मिनट बाद उसके दोस्तों ने उसे तालाब में तैरता हुआ पाया और तुरंत बाहर निकाला। उस वक्त वह बेहोश थी। उसे केपीसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के तुरंत बाद पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मौके पर पहुंचा। वाइस चांसलर भी अस्पताल गए और छात्रा की मौत को लेकर स्थिति की जानकारी ली। लेकिन अब सवाल यह उठ रहे हैं कि यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में सुरक्षा के इतने गंभीर चूक कैसे हो सकते हैं?
तालाब के पास कोई सुरक्षा गार्ड, बाड़ या चेतावनी बोर्ड नहीं था। छात्रा कैसे गिरी, क्यों गिरी — यह स्पष्ट नहीं है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
क्या ये महज हादसा है या कुछ और?
छात्रा की मौत दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह है, इस पर अब सवाल उठ रहे हैं। कुछ छात्रों ने आशंका जताई है कि मामला सिर्फ एक हादसा नहीं हो सकता, और जांच की मांग की है।
जादवपुर यूनिवर्सिटी में पहले भी हुई थी मौत
यह पहला मौका नहीं है जब जादवपुर यूनिवर्सिटी में छात्र की मौत हुई हो। दो साल पहले, अगस्त 2023 में, एक फर्स्ट ईयर छात्र की मौत रैगिंग के चलते हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था। मामले में कई छात्रों पर केस भी दर्ज हुआ था। इस बार की घटना के बाद फिर से यूनिवर्सिटी के माहौल और प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।
जादवपुर यूनिवर्सिटी में थर्ड ईयर की छात्रा की मौत ने न सिर्फ यूनिवर्सिटी को झकझोर दिया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और छात्र हितों को लेकर बड़ी बहस भी खड़ी कर दी है। घटना की निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता से न्याय की उम्मीद की जा रही है।
Read More : PM Modi Birthday: PM मोदी के जन्मदिन पर ‘हाइड्रोजन बम’ फोड़ने की तैयारी में राहुल गांधी










