अंबिकापुर @thetarget365 सूरजपुर जिले के नेवरा ग्राम स्थित एक साल्वेंट फैक्ट्री पर मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे करीब 50 लोगों की भीड़ ने धावा बोल दिया। इस हमले में कथित तौर पर फैक्ट्री के संचालक आशीष मित्तल और अमन मित्तल को बंधक बना लिया गया और फैक्ट्री से 25 लाख रुपये की लूट कर ली गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी अनुसार, यह विवाद फैक्ट्री और आसपास के गांवों के लोगों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर था। विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दर्जनों लोगों ने फैक्ट्री में घुसकर भारी तोड़फोड़ की, कई मशीनों को नुकसान पहुंचाया और कैश लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल पुलिस ने घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन प्रारंभिक जांच में लेन-देन का विवाद ही हमले का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना में घायल अमन मित्तल को उनके बड़े भाई जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं, इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
स्थानीय व्यापारियों ने घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। मामले की जांच जारी है।


















