Ayodhya Deepotsav : उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के आयोजन के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। सरयू नदी के घाटों पर लाखों मिट्टी के दीये जलाए गए थे। उत्सव समाप्त होने के बाद दीयों में बचा तेल इकट्ठा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से डिब्बे और बर्तन लेकर घाटों पर पहुंच गए। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है।
दीपोत्सव के बाद तेल बटोरने पहुंचे लोग
अयोध्या में 7 नवंबर को दसवें दीपोत्सव का आयोजन किया गया था। इस दौरान करीब 30 लाख मिट्टी के दीये जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का दावा किया गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घाटों पर बड़ी संख्या में दीये बचे हुए थे। इनमें मौजूद तेल को इकट्ठा करने के लिए स्थानीय लोग पहुंच गए।सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग दीयों से बचा हुआ तेल बर्तनों और डिब्बों में भरते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान कुछ लोगों को डंडे लेकर दूसरों को तेल इकट्ठा करने से रोकते हुए भी देखा गया। वीडियो में कथित मारपीट के दृश्य भी सामने आए हैं।

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो वीडियो साझा करते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को तेल इकट्ठा करने के दौरान अपमान और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ महीनों बाद प्रदेश में पीडीए सरकार बनने पर गरीबों को राशन के साथ सरसों का तेल दिया जाएगा, ताकि किसी शोषित, वंचित या जरूरतमंद व्यक्ति को इस तरह की बेइज्जती न झेलनी पड़े।

नारी वंदन के नाम पर हिंसा का आरोप
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अयोध्या में नारी वंदन के नाम पर हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने महिला आयोग से मामले में हस्तक्षेप करने और आयोजन से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।सपा प्रमुख ने कहा कि आगामी चुनाव में महिला और युवा बीजेपी के खिलाफ खड़े होंगे। उन्होंने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में अयोध्या का सम्मान बहाल करने, मंदिरों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाने और शहर में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने का वादा भी किया।इसके अलावा उन्होंने पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा देने, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और जमीन से जुड़े कथित घोटालों की जांच कराने की बात कही।
अयोध्या में लाखों दीये जलने के बाद जब रोशनी बुझ जाती है,तो वही बचा तेल किसी गरीब के घर का चूल्हा जला देता है।किसी के खाली पेट को इस तेल से थोड़ी राहत मिल जाए,तो इसमें कोई बुराई नहीं,बल्कि यह तो दीयों की रोशनी का असली मकसद पूरा होना है।"ऐसे लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार सही नहीं pic.twitter.com/DLS5Y4am1w
— Shivam Yadav Prateek (@ShivamYadavSYP) November 8, 2026

अयोध्या के महापौर ने दी सफाई
अखिलेश यादव के आरोपों पर अयोध्या के महापौर और बीजेपी नेता गिरीश पति त्रिपाठी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नगर प्रशासन को इस समस्या की जानकारी थी और दीपोत्सव से पहले ही जरूरतमंद लोगों के बीच तेल और मिठाइयां बांटने की व्यवस्था की गई थी।महापौर ने बताया कि इस वर्ष भी झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले गरीब परिवारों और जरूरतमंद लोगों को तेल तथा मिठाइयां वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि इस बार उन्होंने खुद वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया और इसकी निगरानी भी की। इसके बावजूद कुछ घटनाएं हो जाती हैं।
दीये तुरंत हटाने का सुझाव, प्रशासन तलाशेगा समाधान
महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि इस समस्या को रोकने का एक तरीका यह हो सकता है कि दीपोत्सव समाप्त होते ही घाटों से दीये हटा दिए जाएं। हालांकि, लाखों दीयों की संख्या और उनमें जलती लौ के कारण उन्हें तुरंत हटाना आसान नहीं है।उन्होंने स्वीकार किया कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की जरूरत है। फिलहाल दीपोत्सव के बाद तेल इकट्ठा करने की घटना ने अयोध्या में राजनीतिक बहस छेड़ दी है। एक तरफ सपा इसे गरीबों के सम्मान से जोड़ रही है, तो दूसरी तरफ नगर प्रशासन अपनी ओर से जरूरतमंदों को पहले ही सहायता देने का दावा कर रहा है।
Read More : Pacific Ocean Rescue : समुद्र में 100 दिन तक मौत से लड़ता रहा परिवार, दो बच्चों समेत पांच लोग जिंदा बचाए गए


