Balrampur murder : पति के दूसरी महिला से संबंधों से नाराज़ एक महिला ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिससे पूरा इलाका स्तब्ध रह गया। बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अधौरा में बुधवार तड़के एक महिला ने अपने ही पति को बिजली का करंट देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी पार्वती गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी अनुसार, 30 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम अधौरा में पति-पत्नी के बीच घर के अंदर जोरदार विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम और कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। वहां मकान अंदर से बंद था और भीतर से मृतक मनोज गुप्ता की चीखने की आवाज आ रही थी, जो कुछ समय बाद अचानक बंद हो गई।
पुलिस ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। जब पुलिस द्वारा दरवाजा तोड़ने की कोशिश की गई, तभी पत्नी पार्वती गुप्ता दरवाजा खोलते ही बेहोश होकर गिर पड़ी। घर के अंदर पुलिस को मनोज गुप्ता अचेत अवस्था में मिला, उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
पहली पत्नी पार्वती से चल रहा था विवाद
जांच में सामने आया कि मृतक मनोज गुप्ता की पहली पत्नी पार्वती से विवाद चल रहा था, क्योंकि उसने बलरामपुर शहर में एक दूसरी महिला को भी पत्नी की तरह रख रखा था। इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद होता आ रहा था। पार्वती गुप्ता ने पूर्व में पति के खिलाफ मारपीट व प्रताड़ना की शिकायतें थाने और महिला आयोग में भी दर्ज करवाई थी।
घटना की रात दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। गुस्से में पार्वती ने अपने पति से कहा कि अब वह उसे कहीं जाने नहीं देगी और हमेशा अपने पास बांधकर रखेगी। इस पर मनोज ने खुद ही अपने हाथ-पैर बंधवाने की बात कही। लेकिन इसी दौरान आक्रोशित पार्वती ने घर में रखे एक्सटेंशन वायर से उसे करंट देना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 105/2025 धारा 103(1) भा.दं.वि. (BNS) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी महिला पार्वती गुप्ता को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


















