Balrampur News : बलरामपुर जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हंसपुर जंगल में अवैध बॉक्साइट खनन को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में एसडीएम करुण डहरिया सहित चार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है।

कोरंधा थाना में दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट के अनुसार घटना 15 फरवरी 2026 की रात लगभग 9 बजे की है। मर्ग जांच के दौरान चश्मदीद गवाहों एवं परिजनों के कथनों, घटनास्थल निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी एसडीएम करुण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव ने कथित रूप से अवैध बॉक्साइट खनन और परिवहन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों के साथ मारपीट की।
पढ़ें संबंधित खबर
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने लकड़ी के डंडों एवं हाथ-पैर से हमला किया, जिससे राम उर्फ रामनरेश (62), निवासी ग्राम हंसपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें आगे नहीं ले जा सके। उपचार के दौरान 16 फरवरी की रात 12:14 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
घटना में अजीत राम (60) और आकाश अगरिया (20) को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना न्यायालय जेएमएफसी राजपुर को भी प्रेषित की गई है। क्षेत्र में घटना को लेकर तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

















