Google search fraud: अगर आप इंटरनेट पर किसी जानकारी के लिए गूगल सर्च का इस्तेमाल करते हैं, तो सतर्क हो जाएं। अब आपकी यह आदत साइबर अपराधियों के लिए कमाई का जरिया बन गई है। गृह मंत्रालय के साइबर सुरक्षा अभियान Cyber Dost ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि गूगल सर्च रिजल्ट्स के ज़रिए फर्जी वेबसाइट्स और कस्टमर केयर नंबर के जाल में फंसा कर ठगी की जा रही है।

कैसे काम करता है Google Scam?
साइबर अपराधी गूगल पर फर्जी वेबसाइट्स और कस्टमर केयर नंबर को पेड विज्ञापनों और Black-Hat SEO तकनीकों के ज़रिए टॉप रैंक पर लाते हैं। इससे यूज़र्स को लगता है कि ये साइट या नंबर असली हैं।

1. फर्जी विज्ञापन और वेबसाइट्स का जाल:
ठग आकर्षक विज्ञापनों के ज़रिए यूज़र को क्लिक करने के लिए उकसाते हैं। एक बार क्लिक करते ही यूज़र को फर्जी साइट पर भेजा जाता है, जहां उनसे बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी, पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी मांगी जाती है।
2. फर्जी कस्टमर केयर नंबर:
लोग अक्सर किसी कंपनी, बैंक या सर्विस का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर सर्च करते हैं। इसी आदत का फायदा उठाकर ठग फर्जी नंबर को टॉप रिजल्ट में लाकर यूज़र्स को कॉल करने पर मजबूर करते हैं। फिर ये अपराधी कॉल पर भरोसा जीतकर बैंक अकाउंट तक खाली कर देते हैं।
ठगी से कैसे बचें? साइबर दोस्त की सलाह
गृह मंत्रालय के Cyber Dost ने कुछ जरूरी सुझाव दिए हैं जिन्हें अपनाकर आप साइबर ठगी से बच सकते हैं:
केवल ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप का इस्तेमाल करें
कोई भी जानकारी या सर्विस के लिए गूगल सर्च पर भरोसा करने के बजाय संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप से जानकारी प्राप्त करें।
कस्टमर केयर नंबर केवल ऑफिशियल साइट से लें
बैंक, कंपनी या किसी ब्रांड का कस्टमर केयर नंबर सिर्फ उनकी आधिकारिक वेबसाइट से ही लें। गूगल पर दिख रहे नंबर हमेशा सही नहीं होते।
लिंक पर क्लिक करने से पहले URL जांचें
अगर किसी लिंक पर क्लिक करना हो तो पहले यूआरएल को ध्यान से देखें। असली वेबसाइट्स में हमेशा सही स्पेलिंग और सुरक्षित कनेक्शन (https) होता है। कोई भी संदिग्ध लिंक न खोलें।
अनजान कॉल या मैसेज पर न दें पर्सनल डिटेल्स
कोई भी व्यक्ति जो फोन, मैसेज या व्हाट्सऐप पर आपसे बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी मांगता है, वह ठग हो सकता है। ऐसे किसी भी अनुरोध को तुरंत अस्वीकार करें। गूगल सर्च आज हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है, लेकिन यही जरूरत अब एक बड़ा खतरा भी बन गई है। साइबर अपराधी यूज़र्स की छोटी-छोटी गलतियों का फायदा उठाकर बड़ी ठगी को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में ज़रूरी है कि हम सतर्क रहें और सिर्फ आधिकारिक माध्यमों से ही जानकारी हासिल करें।
Read More : Israel Gaza conflict: गाजा में इजरायली सेना का दबदबा बढ़ा, 40% क्षेत्र पर नियंत्रण, हमास ने जताई नाराज़गी










