Ambikapur News : केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए यूजीसी नियमों को लेकर देशभर में विरोध तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में इन नियमों को “काला कानून” बताते हुए सवर्ण समाज ने 1 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। इस बंद के तहत अंबिकापुर शहर को भी बंद रखने की सूचना नगर पालिका निगम को दी गई है। यह सूचना सवर्ण समाज की ओर से अतुल सिंह के नेतृत्व में सौंपी गई।
बंद को व्यापक समर्थन दिलाने के उद्देश्य से कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक से भी मुलाकात कर सहयोग का आग्रह किया गया, जिस पर उन्होंने आंदोलन के साथ खड़े रहने की सहमति जताई। युवा क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष शिवेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 फरवरी को प्रातः 10 बजे सभी सवर्ण समाज के लोग राम मंदिर में एकत्रित होंगे। इसके बाद रैली राम मंदिर से सदर रोड होते हुए महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड से गुजरते हुए घड़ी चौक पहुंचेगी, जहां एक सभा का आयोजन किया जाएगा।
इस आंदोलन में क्षत्रिय समाज, ब्राह्मण समाज, अग्रवाल समाज, कायस्थ समाज, सिख समाज, बंग समाज, पनिका समाज सहित विभिन्न सवर्ण समाजों की सहभागिता रहेगी। आयोजकों ने अन्य सवर्ण समाजों से भी रैली में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह रैली किसी जाति विशेष के विरोध या अपमान के लिए नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जा रही है। नगर निगम को आवेदन सौंपने के दौरान सवर्ण समाज के कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे, जिनमें अतुल सिंह, शशिकांत सिंह, रणवीर सिंह छाबड़ा, विजय गुप्ता, कैलाश मिश्रा, प्रदीप शुक्ला, महेंद्र सिंह छाबड़ा, अनिल तिवारी, संजय अग्रवाल, चिक्की, विजय सिंह, भीम सिंह, अमित सिंह सहित अन्य शामिल थे।
















