Ambikapur News : सरगुजा जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना उदयपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में दबिश देकर ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे 17 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 40 हजार 310 रुपये नगद और 52 पत्तों की ताश जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में लगातार अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में 11 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोटेरबुड़ा जंगल पुलिया के पास कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना उदयपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस टीम ने मौके से 17 जुआरियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपनी पहचान पटना थाना पटना, जिला कोरिया निवासी होना बताया।
1.40 लाख रुपये नगद और ताश जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1,40,310 रुपये नगद और ताश के 52 पत्ते जब्त किए हैं। आरोपियों के कृत्य को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध मानते हुए थाना उदयपुर में अपराध क्रमांक 08/26 पंजीबद्ध किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, संजय कुमार, विकास सिन्हा, आरक्षक अमन पुरी, अशोक यादव, रमेश राजवाड़े, अजय शर्मा, रविन्द्र साहू एवं कृष्णा सिंह की सक्रिय भूमिका रही।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















