अंबिकापुर @thetarget365 संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, भकुरा, सरगुजा में छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जोरदार प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय की प्रशासनिक उदासीनता और शैक्षणिक अनियमितताओं के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय का घेराव कर दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई, जिसके मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
एबीवीपी ने 11 सूत्रीय मांगों के साथ विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें भवन निर्माण में भ्रष्टाचार, खराब सड़कों की स्थिति, पाठ्यक्रम पूरा न होने के बावजूद परीक्षा कराना, अवैधानिक भर्तियाँ और विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव जैसे मुद्दे शामिल हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वर्षों से इन समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे छात्र समुदाय में गहरा असंतोष व्याप्त है।
एबीवीपी का कहना है कि देश का सबसे बड़ा छात्र संगठन होने के नाते वे छात्रहितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने स्पष्ट मांग की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन सभी समस्याओं पर तत्काल, पारदर्शी और प्रभावी कार्यवाही करे, अन्यथा आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
छात्र संगठन की प्रमुख मांगें :
★ विश्वविद्यालय की अधोसंरचना में सुधार।
★ पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद ही परीक्षाएं कराई जाएं।
★ विश्वविद्यालय में व्याप्त फर्जीवाड़ा और अनियमितताओं की जांच।
★ अवैध भर्तियों की निष्पक्ष जांच।
★ नए विषयों की शुरुआत विशेषकर MA और MSc में हो।
★ विश्वविद्यालय मार्गों की मरम्मत।
★ भवन निर्माण में संभावित घोटालों की जांच।
★ छात्रों के लिए शुद्ध पेयजल और मूलभूत सुविधाएं।
★ परीक्षा परिणामों की समय पर घोषणा।
★ पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्नों को बंद किया जाए।
★ परीक्षा संचालन में पारदर्शिता लाई जाए।
छात्रों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन का दायरा और व्यापक किया जाएगा।