Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के रिंग रोड क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी अनुसार यह दुर्घटना सोमवार शाम के समय रिंग रोड नमना कला पानी टंकी के पास हुई। बाइक चालक बाजार से सामान खरीदकर वापस अपने घर की ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने के साथ-साथ दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शव को अस्पताल भेजने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी है।
















