Binance Crypto Hack : दुनिया के प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज Binance पर हुए बड़े साइबर हमले ने डिजिटल करेंसी बाजार में हलचल मचा दी है। इस हमले में करीब 6.3 अरब डॉलर की डिजिटल संपत्ति चोरी होने की जानकारी सामने आई है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने इस घटना के पीछे उत्तर कोरिया से जुड़े हैकरों का हाथ बताया है। FBI के 31 अक्टूबर 2026 के आधिकारिक बयान के मुताबिक, 29 अक्टूबर के आसपास Binance से 6 अरब डॉलर से अधिक की वर्चुअल संपत्ति चोरी की गई। एजेंसी ने इस साइबर गतिविधि को उत्तर कोरिया के हैकर समूह ‘TraderTraitor’ से जोड़ा है।

FBI ने TraderTraitor समूह को ठहराया जिम्मेदार
FBI के अनुसार, TraderTraitor उत्तर कोरिया से जुड़ा एक साइबर अपराधी समूह है। एजेंसी ने क्रिप्टो एक्सचेंजों, ब्लॉकचेन नेटवर्क पर लेनदेन की निगरानी करने वाली कंपनियों और डिजिटल संपत्ति से जुड़े अन्य संस्थानों से सहयोग मांगा है। FBI ने संबंधित कंपनियों से उन डिजिटल वॉलेट के पते ब्लॉक करने की अपील की है, जिनका संबंध चोरी की गई रकम से है।

जांच एजेंसी का मानना है कि समय रहते इन वॉलेट और उनसे जुड़े लेनदेन को रोकने से हैकरों के लिए चोरी की संपत्ति को दूसरे खातों में भेजना और उसकी पहचान छिपाना मुश्किल हो सकता है।
चोरी की रकम को Ethereum में बदल रहे हैकर
FBI की जांच में सामने आया है कि हमले के बाद हैकर चोरी की गई डिजिटल संपत्ति को मुख्य रूप से Ethereum यानी ETH में बदल रहे हैं। एजेंसी को आशंका है कि आगे इस रकम को अलग-अलग क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर छिपाने की कोशिश की जा सकती है। इसके लिए DeFi प्लेटफॉर्म और इंस्टेंट स्वैप सेवाओं का इस्तेमाल होने की संभावना जताई गई है।
DeFi यानी डिसेंट्रलाइज्ड फाइनेंस ऐसी वित्तीय व्यवस्था है, जो पारंपरिक बैंकों या अन्य केंद्रीय संस्थानों के बिना ब्लॉकचेन तकनीक पर काम करती है। वहीं, इंस्टेंट स्वैप सेवाओं के जरिए एक डिजिटल करेंसी को दूसरी डिजिटल करेंसी में तेजी से बदला जा सकता है। इससे चोरी की रकम का पता लगाना जांच एजेंसियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

Bybit से 1.5 अरब डॉलर की चोरी से भी जुड़ा है समूह
TraderTraitor समूह का नाम इससे पहले भी बड़े क्रिप्टो साइबर हमलों में सामने आ चुका है। फरवरी 2025 में इसी समूह को क्रिप्टो एक्सचेंज Bybit से करीब 1.5 अरब डॉलर की डिजिटल संपत्ति चोरी करने के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। उस मामले में भी FBI ने क्रिप्टो कंपनियों और ब्लॉकचेन सेवाओं से चोरी की रकम से जुड़े वॉलेट पर कार्रवाई करने की अपील की थी।
Binance ने ग्राहकों को नुकसान की भरपाई का दिया भरोसा
हमले के बाद Binance ने ग्राहकों को राहत देने की कोशिश की है। कंपनी ने कहा है कि चोरी से प्रभावित संपत्तियों की भरपाई के लिए उसके पास पर्याप्त वित्तीय संसाधन मौजूद हैं। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, Binance ने लगभग 6 अरब डॉलर की चोरी हुई संपत्ति के बदले रकम उपलब्ध कराने की बात कही है। कंपनी ने यह भी भरोसा दिलाया है कि ग्राहकों को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी।
क्रिप्टो बाजार की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
Binance पर हुए इस हमले ने एक बार फिर डिजिटल करेंसी की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब FBI और दूसरी एजेंसियों की कोशिश चोरी की संपत्ति को अलग-अलग ब्लॉकचेन नेटवर्क पर फैलने से रोकने की है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि कितनी रकम फ्रीज की जा पाती है और जांच एजेंसियां हैकरों तक पहुंचने में कितनी सफल होती हैं।


