प्रतापपुर (thetarget365)। कुछ दिनों पूर्व इंटरनेट मीडिया में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पद व पार्टी से इस्तीफा देने की खबर वायरल हुई थी। अब इस मामले में कार्यकर्ताओं ने प्रतापपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष अक्षय तिवारी को लिखित में एक स्पष्टीकरण सौंपते हुए पद व पार्टी से अपना इस्तीफा देने की खबरों का सिरे से खंडन किया है।
बता दें कि कुछ दिनों पूर्व प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत स्थानीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के मुख्य आतिथ्य में जरही क्षेत्र के स्कूलों में शाला प्रवेशोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के बाद इंटरनेट मीडिया पर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम लिखकर पार्टी से उनके इस्तीफा देने की खबर फैलाई जा रही थी।
इंटरनेट मीडिया पर फैलाई जा रही खबर की पुष्टि करने गुरुवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष अक्षय तिवारी, भाजपा नेता प्रफुल्ल गुप्ता व पप्पल जायसवाल उक्त कार्यकर्ताओं से मिलने उनके निवास स्थान पर पहुंचे।
कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर फैलाई जा रही इस्तीफे की खबर के संबंध में जानकारी मांगी तो सरहरी के भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद कुमार पटेल, राजकुमार सिंह, पोड़ी के बूथ अध्यक्ष विजय कुमार यादव व भाजपा युवा मोर्चा के मंडल मंत्री रोहित मानिकपुरी ने मंडल अध्यक्ष तिवारी को अपना लिखित स्पष्टीकरण सौंपकर पद व पार्टी से इस्तीफा देने की खबर को भ्रामक बताते हुए कहा कि उन्होंने कोई इस्तीफा नहीं दिया है। इस्तीफा दिया होता तो संगठन को इसकी जानकारी रहती। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह की खबर किसने फैलाई है इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा कि वे पहले भी एकजुट होकर पार्टी के साथ खड़े थे आज भी खड़े हैं और आगे भी खड़े रहकर जनहित में कार्य करते रहेंगे।