प्रतापपुर @thetarget365 हाईस्कूल प्रतापपुर के खेल मैदान में जनपद पंचायत प्रतापपुर द्वारा विकासखंड स्तरीय महिला खेलकूद महोत्सव का आयोजन किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल महामंत्री अवधेश पांडेय व मंडल मंत्री प्रवीण दुबे थे।
आयोजन के तहत विकासखंड के विभिन्न ग्रामों से आई 9 से 18 व 18 से पैंतीस आयु वर्ग की महिला खिलाडियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं जिनमें सौ मीटर दौड़, चार सौ मीटर दौड़, तवा फेंक, खो खो, फुटबाल, कुश्ती, रस्साकस्सी, वॉलीबॉल व अन्य खेलों में हिस्सा लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व त्रितीय आने वाली महिला खिलाडियों को मुख्य अतिथियों ने जनपद पंचायत प्रतापपुर द्वारा प्रदत्त ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। बता दें कि प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली महिला खिलाडियों का चयन जिलास्तरीय महिला खेलकूद महोत्सव के लिए किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने कहा कि खेल हमारे जीवन को बेहतर बनाने का कार्य करते हैं। खेलों के माध्यम से हमें अपने अंदर छुपी प्रतिभाओं का सामने लाने का सुनहरा अवसर मिलता है। मुख्य अतिथियों ने कहा कि इस तरह की आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली ग्रामीण क्षेत्र की महिला खिलाड़ी अपने सुनहरे भविष्य की ओर अग्रसर होती हैं। इसलिए इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होते रहना चाहिए।
मंच का संचालन बीपीओ राकेश मोहन मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में बीईओ मुन्नू सिंह धुर्वे, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की अधीक्षिका देवमन सिंह, विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी प्रेम सिंधु मिश्रा, विनय तिवारी, संजय साहू, सुधा पवार, गोविंद राम मिरे, सुधीर लकड़ा, चंद्रिका सिंह, अंजना पैट्रिक, विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी एवं क्रीड़ा प्रभारी उपस्थित रहे।