Surajpur News : बेईमानीपूर्वक अमानत में खयानत के एक बड़े मामले में सूरजपुर पुलिस ने शानदार कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 30 टन से अधिक सरिया की खेप हड़पकर उसे बेच दिया और उसी रकम से ट्रक खरीद लिए, लेकिन पुलिस की सतर्कता, तकनीकी जांच और पांच राज्यों के सीसीटीवी फुटेज ने पूरे गिरोह की परतें खोल दीं। पुलिस ने सरिया बिक्री की रकम से खरीदे गए एक ट्रक सहित कुल तीन ट्रक और अन्य सामग्री, जिसकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये है, जब्त की है।

मामला 14 जनवरी 2026 का है, जब ग्राम नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कंपनी यू.बी. वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लॉट नयनपुर से ट्रक क्रमांक UP 61 AT 2832 में 30 टन 160 किलो सरिया भदौरी (उत्तरप्रदेश) भेजा गया था। ट्रक चालक ने सरिया को निर्धारित स्थान तक न पहुँचाकर करीब 15 लाख 23 हजार रुपये मूल्य का सरिया गायब कर दिया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर पुलिस ने व्यापक जांच शुरू की। जांच के दौरान उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों की सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लगातार ट्रैकिंग की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के सहारे ट्रक चलाया था। मुख्य आरोपी का असली नाम मनीष यादव पिता रामलखन यादव उर्फ अरुण सिंह होना पाया गया, जिसे बरगवां, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) से दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सूरज सोनी और मनीष सिंह परिहार के साथ मिलकर सरिया को सतना में बेचने और रकम से ट्रक व मोबाइल खरीदने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन ट्रक, मोबाइल फोन, मूल व फर्जी दस्तावेज जब्त किए और प्रकरण में बीएनएस की कई गंभीर धाराएं जोड़ते हुए तीनों आरोपियों को 1 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश दुबे, एसआई एसआर भगत, एएसआई देवनाथ चौधरी, आरक्षक जितेन्द्र पटेल, इमरान खान, जयप्रकाश सिंह, चन्द्रप्रकाश साहू, कामेश्वर टोप्पो, सफेन्दर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















