अंबिकापुर @thetarget365 पारिवारिक विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई पर लोहे के पाइप से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी लव दुबे निवासी बौरीपारा, शिकारी रोड, थाना अंबिकापुर ने 04 मार्च 2025 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका मंझला भाई कुश उर्फ छोटू उर्फ गौतम दुबे आए दिन छोटे भाई शुभम दुबे से विवाद करता था। घटना वाले दिन शाम करीब 06:00 बजे कुश ने शुभम के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। परिवारजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कुश दुबे के खिलाफ ठोस सबूत पाए और अपराध क्रमांक 159/25 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर लिया। विवेचना में आरोपी ने स्वीकार किया कि आपसी विवाद के चलते उसने भाई पर लोहे के पाइप से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक रश्मि सिंह, नवल किशोर दुबे, तथा आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह, जितेंद्र सिंह, धीरज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।