Ambikapur News : अंबिकापुर शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगापुर इलाके में मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित शासकीय भूमि पर बने 37 मकानों पर बुलडोजर चला दिया। लंबे समय से कब्जा जमाकर रह रहे लोगों को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया, जिसके चलते इलाके में तनाव की स्थिति भी बन गई।

प्रशासनिक टीम जब अतिक्रमण हटाने पहुंची तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कार्रवाई के दौरान ASP, SDM, तहसीलदार समेत कई थानों के प्रभारी और राजस्व, नजूल, नगर निगम व पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज के पास स्थित इस सरकारी जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा कर मकान बनाए गए थे। प्रशासन द्वारा इन कब्जाधारियों को कई बार नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।
एसडीएम फागेश सिन्हा के अनुसार, वर्ष 2020 से ही कब्जाधारियों को बेदखली के नोटिस दिए जा रहे थे और मामला हाईकोर्ट तक भी पहुंचा, जहां से भी कब्जाधारियों को राहत नहीं मिली। बार-बार की चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर आखिरकार प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

एसडीएम अंबिकापुर ने यह भी बताया कि कुछ लोगों द्वारा कलेक्टर और डीएफओ के फर्जी हस्ताक्षर से वन अधिकार पट्टा तैयार कर लिया गया था, जिस पर अब एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कई लोगों ने अपने घर खाली कर दिए और सामान बाहर निकाल लिया, जबकि प्रशासन ने करीब 6 बुलडोजरों की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी रखी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


















