रायपुर @thetarget365: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेशभर में तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। तेज गर्मी और लू जैसी परेशान करने वाली गर्म हवाओं से अब लोगों को राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने आज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं, कुछ इलाकों में मेघगर्जन और ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभावित है।
रविवार को दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां का तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि सोमवार, 28 अप्रैल को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ स्थानों पर अंधड़, ओलावृष्टि और वज्रपात की भी संभावना है। इसी के साथ तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ट्रफ का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में द्रोणिका के रूप में सक्रिय है, जो 77° पूर्व और 32° उत्तर अक्षांश पर स्थित है। इसके अतिरिक्त, एक उत्तर-दक्षिण दिशा में विस्तारित द्रोणिका विदर्भ से लेकर मन्नार की खाड़ी तक लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। साथ ही, एक अन्य द्रोणिका उत्तर प्रदेश से बांग्लादेश तक फैली हुई है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
6 जिलों में येलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ के छह जिलों — बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर — में बादल गरजने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए अगले तीन घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे का मौसम सारांश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और जगदलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज का मौसम
रायपुर शहर में सोमवार को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।