Chandan Mishra murder case : बिहार की राजधानी पटना में कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की हत्या के बाद राज्य पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी सिलसिले में मंगलवार सुबह भोजपुर जिले के आरा में हुई एक मुठभेड़ में दो शूटर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ की यह कार्रवाई राज्य में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
मुठभेड़ सोमवार सुबह करीब छह बजे भोजपुर जिले के बिहिया-कटेया मार्ग पर नदी के पास हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदन मिश्रा हत्याकांड से जुड़े कुछ अपराधी इलाके में छिपे हुए हैं।सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में एसटीएफ ने भी गोलियां चलाईं। इस फायरिंग में दो अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस की कार्रवाई में घायल हुए अपराधियों की पहचान रवि रंजन और बलवंत कुमार के रूप में की गई है। रवि रंजन भोजपुर जिले के बिहिया का रहने वाला है, जबकि बलवंत बक्सर जिले से ताल्लुक रखता है। रवि को जांघ में, जबकि बलवंत को हाथ और पैर में गोली लगी है। उन्हें पहले बिहिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति को देखते हुए उन्हें आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुठभेड़ के बाद तीन अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि ये सभी पटना में हुए चंदन मिश्रा हत्याकांड में शामिल थे। पुलिस को इन अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा और एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जो इस बात का सबूत है कि ये किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे।
गौरतलब है कि कुख्यात गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। इस मामले में पहले भी कई अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कुछ हफ्ते पहले ही पुलिस ने कोलकाता से चंदन मिश्रा हत्याकांड में शामिल कुछ शूटरों को गिरफ्तार किया था। तब से लेकर अब तक पुलिस लगातार कड़ी निगरानी और खोजबीन में लगी हुई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में अपराधियों का घायल होना और अन्य की गिरफ्तारी, चंदन मिश्रा हत्याकांड की तह तक पहुंचने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, “हमारे पास पुख्ता सुराग हैं और आने वाले दिनों में इस हत्या के पीछे छिपे पूरा षड्यंत्र उजागर कर दिया जाएगा।” पुलिस का मानना है कि इस केस से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।
भोजपुर की इस सुबह-सुबह हुई कार्रवाई ने अपराधियों में खलबली मचा दी है। माना जा रहा है कि घायल और गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर कई और खुलासे हो सकते हैं। एसटीएफ की इस त्वरित और सफल कार्रवाई को राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रही हैं।
चंदन मिश्रा की हत्या ने बिहार में गैंगवार और संगठित अपराध की भयावहता को उजागर किया था। हालिया एनकाउंटर और गिरफ्तारियों के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर इस केस के मुख्य सूत्रधारों तक पहुंचने की कोशिश जारी है। आशा की जा रही है कि जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की पूरी साजिश से पर्दा उठेगा और अपराधियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।
Read More : Roger Binny resign BCC : BCCI अध्यक्ष पद से हट सकते हैं रोजर बिन्नी? उम्र सीमा का नियम बना बड़ा रोड़ा
Lung Capacity: मानव शरीर की संरचना किसी चमत्कार से कम नहीं है। एक सामान्य इंसान…
Emmanuel Macron: पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष और बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच फ्रांस…
Gold-Silver Price: भारतीय सर्राफा बाजार के लिए सप्ताह का पहला दिन, सोमवार 16 मार्च, भारी…
Global Oil Crisis: अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की बढ़ती…
Kerala Assembly Election 2026: भारतीय चुनाव आयोग ने रविवार को देश के पांच राज्यों के…
Share Market News: भारतीय शेयर बाजार के लिए सप्ताह का पहला कारोबारी दिन, सोमवार 16…
This website uses cookies.