Ambikapur News : प्रेम, शांति और करुणा का संदेश देने वाले प्रभु यीशु मसीह के जन्म पर्व क्रिसमस को अंबिकापुर में पूरी श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। नवापारा स्थित बेदाग इस माता महा गिरजाघर में आयोजित विशेष रात्रि प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। क्रिसमस की पावन रात महागिरजाघर रोशनी, आकर्षक सजावट और भक्तों की उपस्थिति से पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबी नजर आई।
रात्रि 9 बजे से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जो देर रात तक चली। जैसे ही रात्रि 12 बजे बालक यीशु के जन्म का पावन क्षण आया, चर्च के घंटे गूंज उठे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने प्रार्थना, जयघोष और भक्ति भाव के साथ प्रभु के आगमन का स्वागत किया। जन्म पर्व के अवसर पर विशेष रूप से सजे महागिरजाघर में चरनी आशीष के साथ धार्मिक विधि-विधान संपन्न कराए गए। सरगुजा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा की अगुवाई में पल्ली पुरोहित फादर जॉर्ज ग्रे कुजूर ने समस्त धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
इस अवसर पर अपने संदेश में बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा ने कहा कि, “इस वर्ष का क्रिसमस जागरण साधारण नहीं, बल्कि एक अद्भुत और अनोखा जागरण है। आज हम प्रभु यीशु के 2025वें जन्म वर्ष को मना रहे हैं। ईश्वर ने मानव जाति को पाप के बंधन से मुक्त कर स्वर्ग का मार्ग दिखाने के लिए अपने इकलौते पुत्र को कुंवारी माता मरियम के माध्यम से इस संसार में भेजा। इसलिए ख्रीस्त जयंती सम्पूर्ण मानव जाति के लिए प्रेम, शांति और आनंद का पर्व है।” उन्होंने सभी से अपने गुनाहों के लिए क्षमा मांगकर मन को शुद्ध करने और सच्चे हृदय से इस पावन पर्व को मनाने का आह्वान किया।
प्रार्थना सभा के दौरान सुसमाचार एवं पवित्र बाइबिल पाठ का वाचन भी किया गया। पारा टोला से आए समाज के लोगों द्वारा बाइबिल पाठ प्रस्तुत किया गया, जिसमें पहला पाठ कुंती एक्का (भगवानपुर) तथा दूसरा पाठ डेविड एक्का ने किया। इन पाठों के माध्यम से प्रभु यीशु के जीवन और उनके संदेशों को श्रद्धालुओं तक पहुंचाया गया।
रात्रि प्रार्थना सभा के दौरान फा. अनुरंजन एवं फा. जॉन जयसवाल की अगुवाई में युवक-युवतियों द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय गीतों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों में झूमते और प्रभु की स्तुति में लीन नजर आए। कार्यक्रम के अंतिम चरण में परम प्रसाद का वितरण किया गया तथा श्रद्धालुओं ने बालक यीशु का चुंबन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
वरिष्ठ नागरिकों एवं घर से बाहर आने में असमर्थ लोगों के लिए लाइव प्रसारण के माध्यम से घर बैठे धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की निःशुल्क व्यवस्था जेरीन जोसेफ द्वारा की गई, जिससे वे भी इस पावन अवसर का साक्षी बन सके। कार्यक्रम के दौरान पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, फा. थियोडोर लकड़ा, फा. ज्ञान लकड़ा, फा. पीटर, फ्रांसिस केरकेट्टा, अलीशा अंशु बड़ा, रुबेन तिग्गा, डेविड एक्का, संतोष किस्पोट्टा, राजेंद्र तिग्गा, होली क्रॉस, उर्सुलाइन, संत अन्ना, मिशनरीज ऑफ चैरिटी सिस्टर्स सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे।
क्रिसमस की यह पावन रात्रि अंबिकापुर में प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश देकर श्रद्धालुओं के हृदय में नई ऊर्जा, विश्वास और आस्था का संचार करती नजर आई।
Kitchen Gardening Tips : आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और बाजार में मिलने वाली मिलावटी…
US-Iran War : मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आ…
Earthquake in Odisha : ओडिशा के दक्षिणी हिस्से में शनिवार की रात शांति के बजाय…
Israel Iran War : मध्य पूर्व में युद्ध की आग अब बेकाबू होती जा रही…
Petrol Diesel Prices : वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी…
Jashpur Crime : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक…
This website uses cookies.