CM Vishnu Deo Sai : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और सभा में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास और उसका जनादेश है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी राजनीतिक असफलताओं को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस के 55 साल के शासन पर सीएम साय ने उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के लंबे शासनकाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लगभग 55 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद देश की जनता की अपेक्षाओं के अनुसार विकास नहीं किया। साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और कुशासन ने देश की प्रगति को प्रभावित किया।

उन्होंने कोयला और जमीन से जुड़े घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली के कारण जनता का विश्वास उससे कमजोर हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और उसका भरोसा जीतने के लिए जनता के बीच रहकर काम करना पड़ता है। समस्याओं का समाधान और विकास कार्य ही जनविश्वास हासिल करने का सबसे प्रभावी तरीका हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ, ऑपरेशन सिंदूर का किया जिक्र
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि देश ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक क्षमता का परिचय दिया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों का कल्याण है।
आवास, धान खरीदी और महतारी वंदन योजना का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण हो रहा है।उन्होंने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल रही है।

तेंदूपत्ता संग्राहकों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर जोर
सीएम साय ने कहा कि सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों के हितों की रक्षा के साथ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। गांवों में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए बताया कि एक नवंबर को राज्य स्तरीय और दो नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम उत्साह के साथ आयोजित किए गए। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य के तीन करोड़ से अधिक नागरिकों को शुभकामनाएं देकर छत्तीसगढ़ के प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया है।
पदयात्रा में कई जनप्रतिनिधि और बीजेपी कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की भूमिका को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक भोजन करने की बात कही और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।सभा में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, गेंद बिहारी सिंह, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, सुनील गुप्ता और भरत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

