अंबिकापुर @thetarget365 सरगुजा संभाग में पिछले पाँच दिनों से कड़ाके की ठंड जारी है। उत्तर दिशा से आ रही शुष्क और बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर के महीने में पड़ रही ठंड ने पिछले 13 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान पिछले 5 दिनों में गिरकर 3.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
बलरामपुर में सबसे अधिक ठंड, मैनपाट 2 डिग्री के करीब
प्रदेश में सबसे सर्द जिला बलरामपुर रहा, जहां रविवार को तापमान गिरकर 2.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक गिरने से कई इलाकों में ओस की बूंदें जमती नजर आईं। मैनपाट के पौधों पर जमी ओस और ठिठुरते हुए लोग सर्दी के कहर का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं।
ठंड से बेहाल सरगुजा संभाग
पूरे सरगुजा संभाग में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। यहां लगातार न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अंबिकापुर में सुबह-शाम लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। खेतों और वाहनों पर पाला जमने के दृश्य आम हो गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी हवाओं के सक्रिय रहने से ठंड अगले कुछ दिनों तक और बढ़ सकती है।