अंबिकापुर (thetarget365)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे ही अंबिकापुर के मंच पर पहुंचे मोदी-मोदी के नारों से पूरा सभास्थल गूंजने लगा। सरगुजा की आराध्य देवी मां महामाया के जयकारे के साथ नरेंद्र मोदी ने उद्बोधन की शुरुआत की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने उद्बोधन में विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में मुस्लिम लीग की छाप है। वोट बैंक की भूखी कांग्रेस ने संविधान की पवित्रता और डा अंबेडकर के सपनों को नष्ट करते हुए इस देश मे धर्म के आधार पर आरक्षण की कोशिश की लेकिन भाजपा ने कांग्रेस के इस प्रयास को विफल किया है। दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों का हक छीनकर धर्म के आधार पर आरक्षण के कांग्रेस की हर कोशिश नाकाम होगी।
अंबिकापुर के कालेज मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, जब संविधान बन रहा था तब सभी ने चिंतन-मनन के बाद यह तय किया था कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। गरीब, आदिवासी, पिछड़ों, दलितों को आरक्षण का लाभ मिलेगा लेकिन कांग्रेस ने आंध्रप्रदेश में सबसे पहले धर्म के नाम पर आरक्षण की कोशिश की। फिर उनकी योजना पूरे देश में इसे लागू करने की थी। धर्म के आधार पर 15 प्रतिशत आरक्षण के लिए एसटी, एससी और ओबीसी का कोटा कम करने की योजना पर कांग्रेस काम शुरू कर चुकी थी। 2019 और 2014 के घोषणा पत्र में कांग्रेस ने यह बता दिया था कि धर्म के नाम पर आरक्षण के मुद्दे को नहीं छोड़ेंगे। मोदी ने कहा, मौका मिलते ही कांग्रेस ने एसटी, एससी और ओबीसी का अधिकार छीनकर कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण को लागू कर दिया था लेकिन भाजपा सरकार बनते ही कांग्रेस के निर्णय को उखाड़ फेंका गया। ओबीसी समाज के आरक्षण का हिस्सा काटकर कांग्रेस ने मुस्लिम समुदाय की सभी जातियों को ओबीसी में शामिल कर दिया। कांग्रेस का यह निर्णय सामाजिक न्याय का अपमान ही नहीं हत्या है। इस निर्णय से कांग्रेस ने धर्म निरपेक्षता का भी अपमान किया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के इरादे संविधान और सामाजिक न्याय के लिए अच्छे नहीं हैं। सामाजिक न्याय की रक्षा भाजपा ही कर सकती है।इसके लिए उन्होंने भाजपा को साथ देने की अपील की। मोदी ने कहा-मुझे इतनी शक्ति दीजिए कि मैं आप लोगों की रक्षा कर सकूं।
कांग्रेस की नजर आपकी कमाई, दुकान, खेत, खलिहान पर भी है
प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा-शहजादे कहते हैं कि हम हर घर का एक्सरे करेंगे। मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नजर आपकी कमाई, दुकान, खेत, खलिहान पर भी है। स्त्री धन की जांच कराने की बात भी कांग्रेस कहती है। उन्होंने कहा सरगुजांचल की महिलाएं जेवर के रूप में चंद्रमा, हंसुली, मंगलसूत्र पहनती है इन सब को लूट कर कांग्रेस किसे देना चाहती है यह बताने की जरूरत नहीं हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि कांग्रेस कहती है कि सत्ता में आने के बाद क्रांतिकारी कदम उठाएगी। मैं कहता हूं कि सपने मत देखो, जनता मौका नहीं देगी।
कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी
सभा में प्रधानमंत्री में कहा कि कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी..जिंदगी के बाद भी। इस नारे को उन्होंने विस्तार से समझाया भी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खतरनाक इरादे सामने आ रहे हैं। देश के मध्यमवर्गीय लोगों पर ज्यादा टैक्स लेने की कांग्रेस की योजना है। माता- पिता से मिलने वाली संपत्ति पर भी टैक्स लेने की योजना कांग्रेस की है। कांग्रेस का पंजा बच्चों का अधिकार छीनने के लिए व्याकुल है इसलिए वह जीते जी और जीवन के बाद भी लूट की योजना पर काम कर रही है।कांग्रेस बच्च्चों को पैतृक संपत्ति दिलाना नहीं चाहती। हमारा देश संस्कार और संस्तुति से उपभोक्तावादी नहीं है। हम संरक्षित करने में विश्वास करते हैं। मेहनत करके जीना और संचय, संग्रहण, संरक्षित करना यह भारत का मूलभूत संस्कार है। कांग्रेस इसे मिटाने की सोच रही है।
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा जब मुझे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया था तब आप लोगों ने यहां प्रतीकात्मक लाल किला बनाकर मेरा स्वागत किया था। आए दिन मुझ पर हमला करने वाली कांग्रेस ने उस दौरान भी मुझ पर हमला कर दिया था कि लाल किले का रूप क्यों बनाया गया? कांग्रेस ने तूफान मचा दिया था। बात का बतंगड़ बना दिया था लेकिन अगले ही चुनाव में आपके आशीर्वाद से मोदी लाल किला तक पहुंचा और पिछले 10 वर्षों से एक सेवक के रूप में कार्य कर रहा हूं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन की प्रमुख बातें
★ अर्बन नक्सलियों ने कांग्रेस पर कब्जा कर लिया है।
★ 2024 के चुनाव में सिर्फ सांसद ही नहीं चुनना है बल्कि देश का उज्ज्वल भविष्य चुनना है।
★ कांग्रेस ने जितने साल तक शासन किया आपके हक का पैसा लूटा है, हम उसी पैसे से घर, राशन और इलाज की सुविधा दे रहे हैं।
★ आपकी संपत्ति आपके संतानों का अधिकार भी कांग्रेस लूटना चाहती है।
★ यह चुनाव राष्ट्र निर्माण का अवसर है। इस अवसर को न चूके, लोकतंत्र के पर्व में सक्रिय सहभागिता निभाए। पहले मतदान फिर जलपान का मन बनाकर हर बूथ पर कमल खिलाएं।
★ हर बूथ पर लोकतंत्र का उत्सव होना चाहिए।
विष्णुदेव सरकार की गति से काम कर रही
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विष्णुदेव सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा विधानसभा चुनाव से पहले मैं यहां आया था। मैंने आशीर्वाद मांगा तो आप सभी ने मेरा मान रखा। भ्रष्टाचारी पंजा से छत्तीसगढ़ को मुक्त किया। आदिवासी परिवार के विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ के सपने को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, भाई विष्णु ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए राकेट की गति से काम किया है। किसानों, महिलाओं की गारंटी पूरी हुई है। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ गया है। मोदी ने कहा, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के घोटालेबाजों पर कार्रवाई हो रही है, यह पूरा देश देख रहा है।
आने वाले 5 वर्षों में सरगुजा को स्वर्गजा बनाना है
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंत में पिछले 10 वर्षों में सरगुजांचल में हुए विकास का जिक्र किया। रेल, एयरपोर्ट, सड़क, संचार सुविधा का उल्लेख करते हुए कहा कि तमाम चुनौतियों से निपटते हुए विकास को नया स्वरूप दिया गया है। यह तो अभी ट्रेलर है। आने वाले पांच वर्षों में सरगुजा को स्वर्गजा बनाना है। इस क्षेत्र को विकास पथ पर और आगे लेकर जाना है।