Kashyap Rresignation Demand: मंत्री केदार कश्यप पर लगे कर्मचारी से मारपीट के आरोपों को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गर्मा गई है। राजधानी रायपुर में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन से निकली रैली जैसे ही मंत्री बंगले की ओर बढ़ी, पुलिस ने मोतीबाग क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प और झूमाझटकी हुई।

कांग्रेस की मांग: मंत्री के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री केदार कश्यप के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि कश्यप ने जगदलपुर सर्किट हाउस में एक कर्मचारी को बंद कमरे में बुलाकर न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि थप्पड़ भी मारा। इस घटना को लेकर प्रदेश भर में कांग्रेस आक्रोशित है।

कोंडागांव में पुतला दहन, भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप
विरोध प्रदर्शन केवल रायपुर तक सीमित नहीं रहा। रविवार को कोंडागांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला फूंका और भाजपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
FIR दर्ज नहीं, उल्टा कांग्रेस पर सख्ती: विकास उपाध्याय
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि पीड़ित कर्मचारी ने खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को फोन पर अपनी आपबीती बताई है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक ओर पीड़ित न्याय के लिए भटक रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
“भाजपा नेताओं का घमंड 7वें आसमान पर” – उपाध्याय
उपाध्याय ने कहा, “भाजपा नेताओं का दिमाग सातवें आसमान पर पहुंच गया है। वे अब जनता और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। यदि पीड़ित के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और मंत्री केदार कश्यप की होगी।”
“लोकतंत्र का अपमान है यह घटना” – कांग्रेस अध्यक्ष
रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मंत्री द्वारा एक कर्मचारी के साथ किया गया दुर्व्यवहार लोकतंत्र के मूल्यों का अपमान है। उन्होंने कहा, “जनता और कर्मचारियों का सम्मान न करने वाले मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।”
कर्मचारी थप्पड़ कांड को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेर लिया है। जहां एक ओर विपक्ष न्याय और कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं राज्य सरकार की चुप्पी सवालों के घेरे में है। मंत्री के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस का दबाव बढ़ता जा रहा है और अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज़ होने के संकेत मिल रहे हैं।
Read More : Vishnudev Sai News: हॉफ बिजली बिल से मुफ्त बिजली की ओर, CM विष्णुदेव साय ने किया सूर्य रथ का शुभारंभ










