अंबिकापुर @thetarget365 कोतवाली थाना क्षेत्र के मिशन अस्पताल के नजदीक बीती रात एक सड़क दुर्घटना के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार 4 युवकों ने एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में मणिपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतीश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क हादसे के बाद पुलिसकर्मी पर हमला
जानकारी अनुसार, मणिपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, जो सिविल ड्रेस में थे, अपनी ड्यूटी समाप्त कर देर रात वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की टक्कर दूसरी कार से हो गई। मामूली सड़क दुर्घटना के बाद विवाद इतना बढ़ा कि चार युवकों ने प्रधान आरक्षक सतीश सिंह से मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक्शन में आते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। घटना में गंभीर रूप से घायल प्रधान आरक्षक सतीश सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, पुलिस चौथे फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
न्यायालय परिसर में गहमागहमी, कड़ी सुरक्षा में पेशी
आज आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया। थाना में आरोपियों के साथ पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों आरोपियों को पेश किया गया।