उदयपुर @thetarget365 सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सानीबर्रा के पटेलपारा इलाके में 23 वर्षीय युवती की फांसी के फंदे पर झूलती लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना बुधवार रात की है और इसमें हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार, ग्राम सानीबर्रा के सुखरी भंडार पटेलपारा में रहने वाली जानकी टेकाम का शव बुधवार रात करीब 10 बजे घर के बरामदे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका के नाक और कमर से खून निकल रहा था, जिससे यह मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। युवती का पैर चारपाई से लगा हुआ था, जिससे हत्या की संभावना और गहरी हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुमार साय गोंड नामक व्यक्ति ने कुछ महीने पहले अपनी पहली पत्नी और तीन बच्चों को छोड़कर जानकी टेकाम के साथ शादी कर ली थी। इसके बाद से सुमार साय के घर में विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
घटना के दिन क्या हुआ?
घटना वाले दिन गांव में छेरता का त्यौहार मनाया जा रहा था। सुमार साय की पहली पत्नी परमेश्वरी गोंड अपने तीन बच्चों को सुलाकर गांव में आयोजित लोहड़ी कार्यक्रम देखने गई हुई थी। उस समय घर पर सुमार साय और जानकी ही मौजूद थे।
रात को ही गांव में यह खबर फैल गई कि सुमार साय की दूसरी पत्नी फांसी पर लटक गई है। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि जानकी का शव दुपट्टे से लटक रहा है। तुरंत ही उदयपुर पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या हत्या।
बताया जा रहा है कि जानकी टेकाम के सुमार साय के साथ विवाह के बाद घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी। पहली पत्नी और जानकी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। ग्रामीणों और परिवार के हालात को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। ग्रामीणों और परिवारजनों से भी पूछताछ की जा रही है।