अंबिकापुर @thetarget365 सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड के ग्राम सिलसिला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में डबरी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिजन जब बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, तो वहां मौजूद डॉक्टर द्वारा कथित रूप से रिश्वत की मांग की गई।

जानकारी अनुसार रघुनाथपुर के ग्राम सिलसिला निवासी शिवा गिरी और विनोद गिरी का पुत्र जुगनू और सूरज की डबरी में डूबने से मौत हो गई। मौत के बाद गांव में मातम पसर गया। मृतक बच्चों के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने एक-एक शव के पोस्टमार्टम के बदले 10-10 हजार रुपये की मांग की। मजबूरी में और पैसे न होने के कारण परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को वापस गांव ले गए। सोमवार को वे फिर से शव को बाइक में लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन आरोप है कि डॉक्टर ने पांच हजार रुपये से कम में पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया।
मीडिया में मामला सामने आने के बाद ही डॉक्टर ने कई घंटे बाद पोस्टमार्टम किया, लेकिन शव वाहन उपलब्ध न होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया। नतीजतन परिजनों को एक बार फिर मासूमों के शव बाइक में रखकर घर लौटना पड़ा।
मामले की जांच के लिए टीम गठित करेंगे– सीएमएचओ
घटना के बाद सीएमएचओ पीएस मार्को ने सफाई देते हुए कहा कि शव वाहन मौजूद था, लेकिन परिजन नहीं रुके। रिश्वत के आरोप को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने केवल नियम के तहत चीर-फाड़ के बिना रिपोर्ट देने से मना किया था। फिर भी उन्होंने मामले की जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही है।


















