अंबिकापुर @thetarget365 : जमीन फर्जीवाड़ा के आरोप पर राजपुर पुलिस ने अंश बिल्डर्स के संचालक पंकज सिंह उर्फ जगदीश सिंह (50) को उत्तर प्रदेश के धनियामउ बदलापुर जौनपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध सरगुजा संभाग के कई थानों में अपराध दर्ज है।
गिरफ्तारी के डर से वह उत्तर प्रदेश में लुकछिप कर निवास कर रहा था। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को भी वेश बदलना पड़ा। जौनपुर क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के समान हुलिया और वेश धारण कर पुलिस ने उसकी रेकी की फिर धर दबोचा। उसके विरुद्ध सरगुजा के कई न्यायालयों से वारंट भी जारी किया जा चुका है। मामले में अंश बिल्डर्स के संचालक के सहयोगी ग्राम बदौली के राजधन यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
अंबिकापुर के बरसाना रेसीडेंसी ठाकुरपुर निवासी पंकज सिंह उर्फ जगदीश सिंह द्वारा अंबिकापुर में अंश बिल्डर्स के नाम से बिल्डर का काम कर रहा था। बिल्डर के रूप में धोखाधड़ी के कई मामलों में उसके विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया था। कुछ मामलों में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। प्रतापपुर नाका अंबिकापुर निवासी आभा सिंह नामक महिला ने भी उसके विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
महिला का आरोप था कि ग्राम बदौली में पंकज सिंह उर्फ जगदीश सिंह से भूमि छह प्लांट का रजिस्ट्री कराया था जिसके बाद में पंकज सिंह के द्वारा धोखाधड़ी करते हुए उक्त खसरा एव रकबा की भूमि को पुनः छलपूर्वक लाभ उठाने के लिए बाबूलाल यादव से रकम लेकर रजिस्ट्री अनुबंध किया गया था।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला पंजीकृत किया गया था। थाना प्रभारी कुमार चंदन सिंह के नेतृत्व में थाना राजपुर व सायबर सेल की संयुक्त टीम उसकी तलाश में लगी थी। मुखबीर से पता चला की आरोपी पंकज सिंह उर्फ जगदीश सिंह के उपर सरगुजा रेंज के विभिन्न थानों में कई अपराध दर्ज है।
पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश देने के कारण वह ग्राम धनियामउ जौनपुर (उत्तर प्रदेश) में एक मकान में लुकछिप कर रह रहा है एवं घर से बाहर वेश बदलकर निकलता है। इस पर पुलिस की टीम ग्राम धनियामउ बदलापुर जौनपुर पहुंची। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस के अलग-अलग जवानों को वेश बदल कर चौक – चौराहों में लगाया गया। आरोपी की संपूर्ण गतिविधियों की जानकारी एकत्रित करने के बाद आरोपी को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह ग्राम बदौली में राजधन यादव के साथ मिलकर उक्त खसरा नंबर की जमीन को धोखाथड़ी व फर्जीवाड़ा कर प्रार्थी आभा सिंह के नाम पर रजिस्ट्री कर पुनः दस्तावेज तैयार बाबुलाल यादव के नाम पर अनुबंध पत्र निष्पादित कर दिया था। मामले में राजधन यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इन दोनों को रिमांड पर भेजा गया है।