Ambikapur News : गांधी स्टेडियम में चल रही संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के तहत आज खेले गए मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा। पहले मैच में रेलवे करंजी की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल क्लब चौरा को 3-0 से मात देकर सुपर लीग में जगह बनाई। वहीं, दूसरे मैच में भटगांव की टीम ने ट्राई ब्रेकर में पीजी-11 अंबिकापुर को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

पहले मैच में रेलवे करंजी की टीम ने शुरुआत से ही छोटे-छोटे पास और बेहतरीन तालमेल के साथ खेल दिखाया। पहले हाफ में एक गोल की बढ़त लेने के बाद टीम ने दूसरे हाफ में भी दबदबा बनाए रखा और लगातार दो और गोल दागकर मुकाबले को 3-0 से अपने नाम कर लिया। चौरा की टीम ने आखिरी क्षणों तक वापसी की कोशिश की, लेकिन गोल करने में नाकाम रही।

दूसरा मैच पीजी-11 अंबिकापुर और भटगांव के बीच कड़ा रहा। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमें गोल करने के प्रयास करती रहीं, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। नतीजा ट्राई ब्रेकर से तय हुआ, जिसमें भटगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-1 से जीत हासिल की। मैच के निर्णायक दिनेश प्रकाश, धनपरस प्रकाश, ललित, अखिलानंद मंगल और दीपक कुजूर रहे।
प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सूर्य क्लब बिशुनपुर और सूरज क्लब तालपारा के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच सरगुजा पुलिस और फाइटर क्लब मेन्ड्राखुर्द के बीच खेला जाएगा।










