Hormuz War Alert: इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई 21 घंटे की मैराथन वार्ता के बेनतीजा रहने के बाद अब वैश्विक तेल बाजार में भारी उथल-पुथल के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस विफलता के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक लंबी पोस्ट साझा की है, जिसने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। ट्रंप ने न केवल ईरान को फटकार लगाई है, बल्कि उन देशों को भी सख्त चेतावनी दी है जो होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने के लिए ईरान को ‘टोल टैक्स’ दे रहे हैं। ट्रंप के इस रुख से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में जबरदस्त आग लग सकती है।

ट्रंप की सख्त चेतावनी: अवैध टोल देने वाले जहाजों की होगी घेराबंदी
डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पोस्ट में वैश्विक व्यापारिक जहाजों को स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने लिखा, “मैंने अमेरिकी नौसेना को यह कड़ा निर्देश दिया है कि वे अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में उन सभी जहाजों की पहचान करें और उन्हें रोकें, जिन्होंने ईरान को किसी भी प्रकार का टोल दिया है।” ट्रंप का मानना है कि ईरान द्वारा वसूला जा रहा यह टोल अवैध है। उन्होंने साफ कर दिया कि जो देश या कंपनी ईरान को भुगतान करेगी, उसे खुले समुद्र में अमेरिकी सुरक्षा या रास्ता नहीं मिलेगा। यदि अमेरिका इस योजना को सख्ती से लागू करता है, तो दुनिया में तेल और गैस की किल्लत का एक नया और भयावह दौर शुरू हो सकता है।
ईरान का वादाखिलाफी पर हमला: होर्मुज की नाकाबंदी और बारूदी सुरंगों का सच
ट्रंप ने ईरान पर आरोप लगाया कि उसने होर्मुज जलमार्ग को खोलने का वादा किया था, लेकिन जानबूझकर अपनी बात से मुकर गया। उन्होंने कहा कि ईरान की इस हरकत ने पूरी दुनिया में अव्यवस्था और आर्थिक पीड़ा फैलाई है। ईरान द्वारा समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने के दावों पर कटाक्ष करते हुए ट्रंप ने लिखा, “वे दावा कर रहे हैं कि उन्होंने बारूदी सुरंगें बिछाई हैं, जबकि उनकी नौसेना और सुरंग बिछाने वाले यंत्र काफी हद तक नष्ट हो चुके हैं।” हालांकि, ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि कोई भी जहाज मालिक इस तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग का संकट और गहरा गया है।
इस्लामाबाद वार्ता की विफलता का मुख्य कारण: परमाणु मुद्दा बना दीवार
इस्लामाबाद में हुई उच्च स्तरीय बातचीत का विवरण देते हुए ट्रंप ने खुलासा किया कि अधिकांश मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहमति बन गई थी। हालांकि, वार्ता की सफलता के रास्ते में ‘परमाणु कार्यक्रम’ का मुद्दा सबसे बड़ी बाधा बनकर उभरा। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने के लिए ठोस भरोसा देने में नाकाम रहा, जो अमेरिका के लिए सबसे महत्वपूर्ण शर्त थी। इसी असहमति के कारण 21 घंटे की मेहनत बेकार चली गई और अब स्थिति कूटनीति से निकलकर सैन्य नाकाबंदी की ओर बढ़ती दिख रही है।
अमेरिकी नौसेना की तैनाती और वैश्विक तेल बाजार पर संभावित असर
ट्रंप ने अपनी पोस्ट के अंत में अमेरिकी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करते हुए लिखा कि विश्व की सर्वश्रेष्ठ ‘अमेरिकी नौसेना’ अब होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश करने और बाहर निकलने वाले सभी जहाजों की सख्त निगरानी और नाकाबंदी शुरू करेगी। यह रणनीतिक रूप से दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग है। यदि यहाँ कोई भी सैन्य टकराव या अवरोध उत्पन्न होता है, तो भारत सहित कई देशों के लिए कच्चे तेल का आयात न केवल महंगा हो जाएगा, बल्कि आपूर्ति में भी बड़ी बाधा आएगी।
कूटनीति से टकराव की ओर: दुनिया के लिए खतरे की घंटी
ट्रंप के इस ताजा बयान ने यह साफ कर दिया है कि अमेरिका अब ईरान के खिलाफ ‘सॉफ्ट कूटनीति’ के मूड में नहीं है। ‘अवैध टोल’ और ‘परमाणु हठ’ को आधार बनाकर ट्रंप ने जो बिसात बिछाई है, उसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब इस बात को लेकर आशंकित है कि क्या ईरान इस दबाव के आगे झुकेगा या खाड़ी क्षेत्र में एक नया युद्ध शुरू होगा, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था को मंदी के गर्त में धकेल सकता है।
Read More : US Iran Crisis : अमेरिका-ईरान वार्ता फेल, पुतिन ने संभाली कमान! क्या रूस रुकेगा हॉर्मुज का महायुद्ध?


















