Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के वेस्ट पापुआ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र वेस्ट पापुआ रहा और इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर बताई गई। झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फिलहाल जान-माल का नुकसान नहीं
अधिकारियों ने राहत की खबर देते हुए बताया कि अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है और न ही सुनामी का कोई खतरा बताया गया है। हालांकि, इस तीव्रता के भूकंप से पुराने और कमजोर ढांचे वाली इमारतों को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

अलर्ट पर स्थानीय प्रशासन
भूकंप के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव टीमों को पूरी तरह अलर्ट कर दिया है। प्रभावित इलाकों में इमारतों की जांच कराई जा रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि झटकों की तीव्रता मध्यम श्रेणी में थी, लेकिन आफ्टरशॉक्स (झटकों के दोबारा आने की संभावना) से इंकार नहीं किया जा सकता। इस वजह से लोगों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
क्यों संवेदनशील है पापुआ?
वेस्ट पापुआ क्षेत्र पैसिफिक ‘रिंग ऑफ फायर’ का हिस्सा है। यह इलाका दुनिया का सबसे सक्रिय भूकंपीय ज़ोन माना जाता है, जहां लगातार भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियां होती रहती हैं। इंडोनेशिया में हर साल दर्जनों छोटे-बड़े भूकंप आते रहते हैं।
साल 2018 की त्रासदी आज भी लोगों के जेहन में ताजा है, जब बड़े पैमाने पर आए भूकंप और सुनामी ने हजारों लोगों की जान ले ली थी। यही वजह है कि हर भूकंप के बाद यहां दहशत का माहौल बन जाता है।
वेस्ट पापुआ में आज आया 5.5 तीव्रता का भूकंप भले ही बड़े पैमाने पर तबाही लेकर नहीं आया हो, लेकिन इसने एक बार फिर याद दिला दिया है कि ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में रहने वाले लोगों की ज़िंदगी हमेशा प्राकृतिक आपदाओं के खतरे के बीच गुजरती है। प्रशासन सतर्क है और लोगों को सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी जा रही है।
Read More : 20 साल पुराने F-117A Nighthawk की आसमान में वापसी, मैक्सिको के पास दिखे अमेरिकी स्टेल्थ जेट











