★ रेणुका सिंह की सुपुत्री मोनिका सिंह का चुनावी मैदान में प्रवेश
★ पूर्व विधायक स्व. रविशंकर त्रिपाठी के बेटे राहुल त्रिपाठी (सन्नी) भी राजनीति में
★ युवा पीढ़ी की सक्रियता से सरगुजा की राजनीति में नई हलचल
अंबिकापुर @thetarget365 अविभाजित सरगुजा की चुनावी राजनीति में युवा पीढ़ी की एंट्री शुरू हो गई है। इस बार त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में यूं तो भाजपा और कांग्रेस ने कई युवाओं को मौका दिया है लेकिन इनमें से दो नाम सर्वाधिक चर्चा में हैं। ये अपने परिवार के राजनीतिक विरासत को आगे बढाने के रूप में देखे जा रहे हैं। इनमें मोनिका सिंह और राहुल त्रिपाठी (सन्नी) का नाम प्रमुख है।
बता दें मोनिका सिंह, वर्तमान विधायक व पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह की सुपुत्री हैं। मोनिका ने सूरजपुर जिले के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 15 (रामानुजनगर तृतीय) से जिला पंचायत सदस्य का नामांकन फार्म क्रय किया है। सँभवतः तीन फरवरी को वे नामांकन दाखिल करेंगी। खुद रेणुका सिंह ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अपनी सुपुत्री के चुनावी मैदान में उतरने की जानकारी साझा की है। मोनिका सिंह ने एलएलएम की पढ़ाई की है। उन्होंने जिस क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है वह उनकी मां रेणुका सिंह की कर्मभूमि के रूप में जानी जाती है।
इसी क्षेत्र से रेणुका सिंह ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। उनके पुराने विधानसभा क्षेत्र के 25 ग्राम पंचायतों को मिलाकर रामानुजनगर तृतीय के नाम से जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र बनाया गया है। रेणुका सिंह यहीं से पहली बार विधायक बनी थी। फिर छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री भी रही। सरगुजा एवं उत्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण में महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने के अलावा वे सरगुजा लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी निर्वाचित हुई थी। पिछले मोदी मंत्रीमंडल में केंद्रीय राज्यमंत्री रही रेणुका सिंह वर्तमान में भरतपुर-सोनहत की विधायक है। उनके पुराने कार्यक्षेत्र से अब उनकी बेटी मोनिका सिंह चुनावी राजनीति में एंट्री कर रही हैं।
इसी प्रकार नगर निगम अंबिकापुर में भाजपा ने पूर्व विधायक स्व रविशंकर त्रिपाठी के सुपुत्र राहुल त्रिपाठी (सन्नी) को पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में उतारा है। सरगुजा भाजपा के आधारस्तंभों में एक स्व रविशंकर त्रिपाठी पहली बार भटगांव क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। उप चुनाव में उनकी धर्मपत्नी रजनी त्रिपाठी विधायक बनी थी। अब इनके सुपुत्र पार्षद पद से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं। बीई सिविल राहुल त्रिपाठी को भाजपा ने ब्रम्ह वार्ड से प्रत्याशी बनाया है। इसी वार्ड में उनका निवास भी है।