Forest destruction impact : मुख्य वन संरक्षक सरगुजा वनवृत्त व्ही. माथेश्वरन के मार्गदर्शन व वनमण्डलाधिकारी सूरजपुर पंकज कुमार कमल के नेतृत्व में वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के ग्राम कनकनगर में विश्व हाथी दिवस मनाया गया। इस दौरान कनकनगर में स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में जन जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों को हाथियों के स्वभाव से परिचित कराया गया। बच्चों को चलचित्र तथा प्रेजेंटेशन के माध्यम से हाथियों के परितंत्र का विकास, मानव सभ्यता पर उनका सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं धार्मिक प्रभाव व इतिहास के संबंध में जागरुक करने के साथ ही हाथियों के देश व प्रदेश में विचरण व रहवास के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया गया। बच्चों के समक्ष चलचित्र के माध्यम से सरगुजा में हाथियों पर बनी ग्रीन ऑस्कर विजेता फिल्म “द लास्ट माईग्रेशन” का प्रदर्शन भी किया गया।

उपवनमण्डलाधिकारी आशुतोष भगत ने हाथियों के समान्य व्यवहार, हाथियों से मुठभेड़ के दौरान किए जाने वाले बरताव, जंगली हाथियों की पहचान करने, मानव हाथी द्वंद को रोकने एवं हाथियों से सुरक्षित रहने के उपायों के संबंध में भी विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होनें स्कूली बच्चों को वनों के विनाश से होने वाले जलवायु परिवर्तन के बारे में समझाते हुए वनों में आग न लगाने की समझाइश दी। साथ ही वनों में आग लगने की घटना के दौरान आग को बुझाने के तरीके भी बताए।

कार्यक्रम में हाथी संबंधित प्रश्नोत्तरी का हुआ आयोजन
कार्यक्रम में बच्चों के लिए हाथियों से संबंधित प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट जवाब देकर विजेता बने बच्चों को वन परिक्षेत्र के अधिकारियों ने पुरस्कृत भी किया। बता दें कि 11 अगस्त को प्रतापपुर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में भी हाथी संबंधी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें लगभग 50 विद्याथियों ने हिस्सा लिया था।

ग्रामीणों को ऋण पुस्तिका व सोलर लैम्प भी प्रदान किए
कनकनगर में हुए कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी स्थानीय ग्रामीणों को जंगली हाथियों से बचाव हेतु जागरूक किया। इस दौरान वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के अधिकारियों ने वन अधिकार पत्र प्राप्त हितग्राहियों को ऋण पुस्तिका तथा परिक्षेत्र अंतर्गत एकाकी घरों में निवासरत ग्रामीणों को सोलर लैम्प भी प्रदान किया। कार्यक्रम में आशुतोष भगत उपवनमण्डलाधिकारी प्रतापपुर, उत्तम मिश्रा वनपरिक्षेत्राधिकारी प्रतापपुर, डीएवी स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षिका, जनप्रतिनिधी, वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के समस्त कर्मचारी व बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।










