नई दिल्ली @thetarget365 पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली ने यह जानकारी दी। 92 वर्षीय सिंह को आज शाम “अचानक बेहोश” होने के बाद गंभीर हालत में आपातकालीन विभाग लाया गया था।
डॉ. मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दी। वह एक प्रख्यात अर्थशास्त्री और नीति निर्माता के रूप में विश्वभर में जाने जाते थे। 1991 में वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने आर्थिक उदारीकरण की नीतियों की शुरुआत की, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा दी।
उनके निधन से राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। देशभर के नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन को देश के लिए “अपूर्णीय क्षति” करार दिया।
डॉ. मनमोहन सिंह अपने सरल स्वभाव, गहरी समझ और देशहित के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से देश ने एक महान नेता और प्रेरणादायक व्यक्तित्व खो दिया है।