बालाघाट@thetarget365 : मध्यप्रदेश के बालाघाट से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आयी है। यहां पर 4 आदिवासी लड़कियों के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया है। जिन लड़कियों के साथ यह घटना हुई है, उनमें से 3 नाबालिग हैं और एक बालिग लड़की है। घटना में 7 युवकों के शामिल होने की जानकारी मिल रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद हट्टा थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ये सभी लड़कियां एक शादी समारोह में गई हुई थी। अपने गांव भगतपुर लौटते समय इन लड़कों ने उनका पीछा किया और रास्ता रोककर उनके साथ गैंगरेप किया। लेकिन डर के मारे इन लड़कियों ने अपने परिजनों को इस घटना के बारे में जानकारी नहीं दी। अगले दिन सुबह गांव के कुछ लोगों को पता चला कि लड़कियों के साथ गैंगरेप किया गया है तो उन्होंने आदिवासी समाज की बैठक बुलाई, यहीं पर तय हुआ कि मामले की शिकायत थाने में की जाएगी। जिसके बाद ये लोग थाने में शिकायत करने पहुंचे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप की धाराओं में मामला दर्ज किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।