Grammy Awards 2026: दुनिया भर में संगीत प्रेमियों के बीच के-पॉप (K-pop) का जादू सर चढ़कर बोल रहा है। भारत की ‘जेन-जी’ (Gen-Z) पीढ़ी से लेकर पश्चिमी देशों तक, कोरियन पॉप म्यूजिक ने एक अलग ही पहचान बनाई है। हालांकि, संगीत की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान माना जाने वाला ‘ग्रैमी अवॉर्ड’ अभी तक इस इंडस्ट्री के लिए एक सपना बना हुआ है। अब तक के-पॉप कलाकारों को 5 बार नामांकन मिल चुका है, लेकिन जीत का खाता नहीं खुला। साल 2026 के ग्रैमी नामांकन ने एक बार फिर नई उम्मीदें जगा दी हैं।
BTS का सफर: रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन और पांच नामांकन
के-पॉप को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का सबसे बड़ा श्रेय ‘बैंगटन बॉयज’ यानी BTS को जाता है। यह पहला कोरियन ग्रुप था जिसने ग्रैमी की दहलीज पर कदम रखा। ग्रुप को उनके सुपरहिट गानों जैसे “Dynamite”, “Butter” और कोल्डप्ले के साथ आए “My Universe” के लिए ‘बेस्ट पॉप डुओ/ग्रुप परफॉर्मेंस’ कैटेगरी में नामांकन मिले। कुल मिलाकर BTS को 5 बार नॉमिनेट किया गया। उन्होंने ग्रैमी के मंच पर शानदार परफॉर्म भी किया, लेकिन हर बार ट्रॉफी उनके हाथ से फिसल गई। प्रशंसकों ने अक्सर ग्रैमी पर पक्षपात का आरोप लगाया, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं कि BTS ने के-पॉप के लिए रास्ता साफ कर दिया है।
रोसे और ‘APT.’ का धमाका: मुख्य श्रेणियों में पहली बार जगह
ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 के नामांकन में इस बार महिला कलाकारों ने बाजी मारी है। BLACKPINK की रोसे ने मशहूर अमेरिकी गायक ब्रूनो मार्स के साथ मिलकर अपने गाने “APT.” के जरिए इतिहास रच दिया है। इस गाने को ‘रिकॉर्ड ऑफ द ईयर’, ‘सोंग ऑफ द ईयर’ और ‘बेस्ट पॉप डुओ/ग्रुप परफॉर्मेंस’ जैसी बड़ी श्रेणियों में नामांकन मिला है। यह के-पॉप के इतिहास में पहली बार है जब किसी कलाकार ने ‘बिग फोर’ (ग्रैमी की चार मुख्य श्रेणियों) में अपनी जगह पक्की की है। रोसे की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि के-पॉप अब केवल एक रीजनल म्यूजिक नहीं बल्कि ग्लोबल फिनोमिना है।
एनिमेटेड फिल्म ‘KPop Demon Hunters’ और फिक्शनल ग्रुप का जादू
इस साल एक और दिलचस्प मोड़ नेटफ्लिक्स की एनिमेटेड फिल्म “KPop Demon Hunters” के साथ आया है। फिल्म के गाने “Golden” ने ग्रैमी 2026 में 5 नामांकन हासिल किए हैं। फिल्म में दिखाए गए काल्पनिक के-पॉप ग्रुप ‘HUNTR/X’ के गानों को ‘सॉन्ग ऑफ द ईयर’ और ‘बेस्ट पॉप डुओ/ग्रुप’ जैसी महत्वपूर्ण श्रेणियों में शामिल किया गया है। यह पहली बार है जब किसी एनीमेशन से प्रेरित के-पॉप संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतनी सराहना मिल रही है, जो इस विधा की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है।
इतिहास रचने की दहलीज: क्या इस बार मिलेगी जीत?
ग्रैमी 2026 केवल एक अवॉर्ड शो नहीं बल्कि के-पॉप के लिए एक परीक्षा की घड़ी है। पहले जहां सिर्फ BTS का दबदबा रहता था, वहीं अब रोसे और फिक्शनल ग्रुप्स की मौजूदगी ने इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है। यदि इस बार इनमें से कोई भी कलाकार जीत हासिल करता है, तो यह के-पॉप इंडस्ट्री का पहला ग्रैमी अवॉर्ड होगा। के-पॉप की बढ़ती पहुंच को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल एकेडमी इस विधा को नजरअंदाज नहीं कर पाएगी।
कब और कहां देखें ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026?
संगीत जगत का यह महाकुंभ 1 फरवरी, 2026 को लॉस एंजिल्स में आयोजित होने वाला है। इस बार शो में जस्टिन बीबर समेत कई बड़े कलाकारों के लाइव परफॉर्मेंस की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए यह शो सीबीएस (CBS) चैनल पर प्रसारित होगा। भारत में रहने वाले फैंस इसे 2 फरवरी की सुबह 6:30 बजे से डिज्नी+ हॉटस्टार और स्टार मूवीज पर लाइव देख सकते हैं। के-पॉप आर्मी के लिए यह दिन ऐतिहासिक हो सकता है।
Read More: Trump Gaza Riviera: ट्रंप का गाजा को ‘रिवेरा’ बनाने का प्रस्ताव, फिलिस्तीन ने रखी अपनी शर्तें
















