Hadi Murder Case
Hadi Murder Case: बांग्लादेश में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद उपजा आक्रोश अब एक बड़े राजनीतिक संकट का रूप लेता जा रहा है। ‘इंकलाब मंच’ संगठन ने इस मामले में कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सरकार को सीधी चेतावनी दी है। सोमवार को ढाका के शाहबाग स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय के सामने आयोजित एक आपातकालीन प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक हादी के हत्यारों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक देश में किसी भी चुनावी प्रक्रिया को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इंकलाब मंच के सदस्य सचिव अब्दुल्ला अल जाबेर ने एक ऐसी मांग रखी जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि शरीफ उस्मान हादी की हत्या के पीछे की साजिश बहुत गहरी है, इसलिए इसकी जांच केवल स्थानीय पुलिस के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। जाबेर ने मांग की कि इस हत्याकांड में एफबीआई (FBI) और स्कॉटलैंड यार्ड जैसी वैश्विक जांच एजेंसियों की संलिप्तता की गहन पड़ताल होनी चाहिए। संगठन का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय जासूसी एजेंसियों को शामिल किए बिना इस हत्या के पीछे छिपे ‘असली प्रायोजकों’ का चेहरा बेनकाब नहीं हो पाएगा।
इंकलाब मंच ने सरकार से मांग की है कि इस मामले की सुनवाई के लिए तुरंत एक ‘फास्ट ट्रैक जुडिशियल ट्रिब्यूनल’ (त्वरित न्यायिक न्यायाधिकरण) का गठन किया जाए। जाबेर ने ढाका ट्रिब्यून के हवाले से कहा कि सरकार को जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि सोमवार दोपहर 3 बजे होने वाले विरोध मार्च के बाद वे अपनी अगली रणनीति का खुलासा करेंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “हम यह तय करेंगे कि हमें इस सरकार के साथ खड़ा होना है या इंकलाब मंच के माध्यम से इस सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए आंदोलन शुरू करना है।”
संगठन ने आगामी राष्ट्रीय संसदीय चुनावों को लेकर अपना रुख बिल्कुल स्पष्ट कर दिया है। जाबेर ने कहा कि सरकार इस मुगालते में न रहे कि वह बिना न्याय सुनिश्चित किए जल्दबाजी में चुनाव करा लेगी। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा, “जब तक उस्मान हादी के हत्यारों का खुलासा नहीं होता और उन्हें कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक देश में कोई चुनाव नहीं होगा।” इंकलाब मंच का दावा है कि हादी ने ऐसी टीम तैयार की है जो चुपचाप बैठकर सरकार के साथ समन्वय नहीं करेगी, बल्कि हक के लिए सड़कों पर लड़ेगी।
अब्दुल्ला अल जाबेर ने संकल्प दोहराया कि जब तक इस जघन्य हत्याकांड में शामिल मुख्य हत्यारों और उन्हें संरक्षण देने वाले प्रभावशाली लोगों को बेनकाब नहीं किया जाता, तब तक इंकलाब मंच का कोई भी कार्यकर्ता सड़कों से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने सरकार पर दबाव बनाते हुए कहा कि हादी की शहादत बेकार नहीं जाएगी और उनका संगठन शांतिपूर्ण स्थिरता बनाए रखने के नाम पर न्याय के साथ कोई समझौता नहीं करेगा।
इंकलाब मंच की इन मांगों ने अंतरिम सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती पेश कर दी है। एक ओर जहां देश चुनाव की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर छात्र संगठनों का यह उग्र रुख स्थिति को अस्थिर बना सकता है। सोमवार को होने वाले विरोध मार्च को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं, क्योंकि जाबेर के बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि संगठन अब सरकार के अस्तित्व को चुनौती देने की तैयारी में है।
Read More : Lucky Dreams: भाग्यशाली सपने, सोते समय ये चीजें दिखना हैं अपार धन लाभ का संकेत
West Bengal Election 2026 : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों के एलान के…
IPL 2026 RCB vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के नए सीजन की शुरुआत…
SRH vs RCB : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांचक आगाज के साथ ही…
Pakistan IMF Loan : आर्थिक बदहाली और भारी कर्ज के बोझ तले दबे पाकिस्तान के…
Goa Sex Scandal : गोवा की राजनीति और सामाजिक गलियारों में इन दिनों एक सनसनीखेज…
ITBP rescue : छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों वाले बस्तर संभाग के…
This website uses cookies.