Kurnool Bus Fire: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। जिले के कल्लूर मंडल के चिन्नाटेकुरु गांव के पास एक यात्री बस में आग लगने से कम से कम 20 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा इतना भयावह था कि कई शवों की पहचान तक मुश्किल हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही निजी बस शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे एक बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे फंस गई और उसमें ब्लास्ट हो गया। कुछ ही पलों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। हादसे के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी, जिससे सड़क फिसलन भरी थी और दृश्यता कम थी।
बस में करीब 40 यात्री सवार थे। अचानक आग लगने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, 10 से 12 यात्री आपातकालीन द्वार से बाहर निकलने में सफल रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दमकल व पुलिस टीमों को सूचना दी। लेकिन जब तक मदद पहुंची, बस पूरी तरह जल चुकी थी।
घायलों को पास के कुरनूल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ यात्रियों की हालत बेहद गंभीर है। मृतकों में अधिकतर वे लोग बताए जा रहे हैं जो हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच काम करने वाले प्रवासी कर्मचारी थे।
कुरनूल के एसपी विक्रांत पाटिल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बारिश के कारण दृश्यता कम होने को हादसे की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने बस के अतिरिक्त ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य ड्राइवर से पूछताछ की तैयारी चल रही है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्य सचिव और राहत एजेंसियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के परिवारों और घायलों की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
इस भयावह हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और निजी बस संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन फिटनेस, स्पीड लिमिट और रूट परमिट की कड़ी जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियां रोकी जा सकें।
LPG New Rules: देश में गहराते ऊर्जा संकट और रसोई गैस की बढ़ती मांग को…
Assam Polls 2026: असम विधानसभा चुनाव के लिए सियासी बिसात बिछ चुकी है। कांग्रेस पार्टी…
Strait of Hormuz: मध्य-पूर्व में जारी भीषण सैन्य संघर्ष और ईरान के साथ बढ़ती तनातनी…
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांचक सत्र की शुरुआत से ठीक पहले…
Middle East Crisis: मध्य-पूर्व (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते बारूदी तनाव और विनाशकारी युद्ध की आहट…
Netanyahu Death Rumors: मध्य-पूर्व में जारी भीषण रक्तपात और इजरायल-ईरान के बीच सीधे सैन्य संघर्ष…
This website uses cookies.