Chhattisgarh Rajyotsav Air Show: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर बुधवार को नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित एरोबेटिक टीम ‘सूर्यकिरण’ ने रोमांचक एयर शो का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत हजारों नागरिक मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान वायुसेना के फाइटर जेट्स ने एक के बाद एक रोमांचक करतब दिखाए। आसमान में जब लाल-सफेद जेट विमानों ने तिरंगे की ट्रेल बनाई, तो पूरा सेंध जलाशय “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा।
एयर शो के दौरान टीम लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने आसमान से छत्तीसगढ़वासियों को राज्य स्थापना की रजत जयंती की बधाई दी। वहीं, छत्तीसगढ़ के निवासी स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने अपने कॉकपिट से “जय जोहार” और “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” कहकर दर्शकों का अभिवादन किया, जिससे लोगों में गर्व और उत्साह की लहर दौड़ गई।
‘सूर्यकिरण’ टीम ने अनुशासन, परस्पर विश्वास और सटीकता का परिचय देते हुए लगभग एक घंटे तक आसमान में कलाबाजियां कीं। नौ हॉक मार्क-123 फाइटर जेट्स ने हार्ट, डायमंड, लूप, कॉम्बैट तेजस और डॉन लाइट जैसी आकर्षक फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विंग कमांडर एवी सिंह की अगुवाई में वन एफ-9 और वन एफ-8 हेलीकॉप्टर यूनिट ने भी शानदार प्रदर्शन किया। ‘आदिदेव’ नामक ऑपरेशन के तहत 15 मीटर ऊंचाई से गरुड़ कमांडोज ने रस्सी के सहारे उतरकर स्काई-ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। ये करतब वायुसेना के युद्ध और आपदा बचाव कौशल को दर्शाते हैं।
सेंध जलाशय परिसर में हजारों की संख्या में नागरिक, युवा और बच्चे मौजूद रहे। हर करतब पर तालियों की गूंज और देशभक्ति के नारे लगते रहे। लोग अपने मोबाइल और कैमरे में इस ऐतिहासिक पल को कैद करने में जुटे रहे।
फ्लाइट लेफ्टिनेंट सुश्री कंवल संधू ने लाइव कमेंट्री के जरिए दर्शकों को विमानों की सटीक फॉर्मेशन, पायलटों के अनुशासन और प्रशिक्षण की बारीक जानकारी दी।
भारतीय वायुसेना की ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Surya Kiran Aerobatic Team – SKAT) एशिया की एकमात्र नौ फाइटर विमानों वाली एरोबैटिक टीम है। यह भारत में निर्मित एचएएल हॉक एमके-132 विमान का उपयोग करती है। टीम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करना और वायुसेना की सटीकता, कौशल और पेशेवर उत्कृष्टता का प्रदर्शन करना है।
सूर्यकिरण टीम की स्थापना 1996 में की गई थी। अब तक यह टीम भारत और विदेशों में 700 से अधिक एयर शो कर चुकी है। इसने चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और यूएई जैसे देशों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।टीम में 13 पायलट, 3 इंजीनियरिंग अधिकारी, 1 उद्घोषक और 1 चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं।छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर आयोजित यह एयर शो न केवल वायुसेना की ताकत और सटीकता का प्रतीक बना, बल्कि राज्यवासियों के लिए गौरव और भावनात्मक जुड़ाव का ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ।
Read More : Bengal SIR Fear: पश्चिम बंगाल में SIR पर बवाल, डर से आत्महत्या कर रहे लोग, जानें क्या है ये खौफ
Bengal Violence: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रामनवमी के पावन अवसर पर उत्सव का…
Iran Strait Of Hormuz News: पश्चिम एशिया की रणभूमि से एक ऐसी खबर आई है…
Global Trade Shock: पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच शुक्रवार, 27 मार्च 2026…
Caribbean Crisis: पश्चिम एशिया में ईरान के साथ जारी भीषण संघर्ष के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति…
Middle East War: पश्चिम एशिया के रणक्षेत्र में अमेरिका को जिस आसान जीत की उम्मीद…
Zojila Avalanche: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के सामरिक रूप से महत्वपूर्ण श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर शुक्रवार…
This website uses cookies.