Imran Khan Sisters
Imran Khan Sisters: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के खिलाफ मुखर विरोध करना कितना भारी पड़ रहा है, इसका एक और क्रूर उदाहरण रावलपिंडी की अडियाला जेल से सामने आया है। पहले इमरान खान की बहनों को उनसे साप्ताहिक मुलाकात करने से रोका गया। इसके बाद, जेल के गेट से 50 मीटर दूर बैरिकेड के पास 11 घंटे तक अनिश्चितकालीन धरने पर बैठीं तीनों बहनों और उनके समर्थकों को हटाने के लिए रावलपिंडी पुलिस ने कड़ाके की ठंड में आधी रात को बिजली काटकर वाटर कैनन (पानी की बौछार) का प्रयोग किया। पुलिस की इस बर्बरता में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं।
इस्लामाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, इमरान खान हर हफ्ते मंगलवार को अपने परिवार के सदस्यों से मिल सकते हैं। इसी कड़ी में उनकी बहनें— नौरीन खानम नियाज़ी, अलीमा ख़ानम नियाज़ी और डॉ. उज्मा ख़ानम— मंगलवार दोपहर साढ़े 3 बजे अडियाला जेल पहुँचीं। लेकिन, तीनों को रावलपिंडी के गोरखपुर चौक पर लगे बैरिकेड के पास ही रोक दिया गया। बैरिकेड के उस पार सैकड़ों की संख्या में रावलपिंडी पुलिस के जवान तैनात थे। अडियाला जेल के बाहर की सड़क को एक छावनी में तब्दील कर दिया गया था ताकि पीटीआई के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा न हो पाएँ। इसका विरोध करते हुए इमरान खान की बहनें अन्य कार्यकर्ताओं के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गईं।
रात लगभग 2 बजकर 20 मिनट के आसपास, इमरान खान की बहनों और अन्य पीटीआई कार्यकर्ताओं-नेताओं को हटाने के लिए रावलपिंडी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। कड़ाके की ठंड में, जब तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस था, पुलिस ने अचानक बिजली काटकर वॉटर कैनन से पानी की बौछारें शुरू कर दीं। शहबाज सरकार की इस बर्बरता का एकमात्र मकसद इमरान खान की बहनों और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करके धरना स्थल को खाली कराना था।
इमरान खान साल 2023 से ही अडियाला जेल में बंद हैं, और पहले उन्हें हर हफ्ते उनकी बहनों से मिलने दिया जाता था। इस मुलाकात के बाद पीटीआई उनके संदेश को सार्वजनिक करती थी, जिसमें वह शहबाज सरकार पर निशाना साधते थे। लेकिन मई में आसिम मुनीर के फील्ड मार्शल बनने के बाद स्थिति बदल गई। इमरान खान ने साप्ताहिक मुलाकातों में शहबाज शरीफ की जगह सीधे आसिम मुनीर पर निशाना साधना शुरू कर दिया। उन्होंने जनता को यह समझाना शुरू किया कि देश असल में फील्ड मार्शल आसिम मुनीर चला रहे हैं, और पाकिस्तान में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघन और भ्रष्टाचार के लिए असल में आसिम मुनीर जिम्मेदार हैं।
मुनीर पर सीधे हमला करने के बाद बौखलाहट में उनकी बहनों को पहले 12 नवंबर से 3 दिसंबर तक मिलने नहीं दिया गया। 18 नवंबर को तो उनकी बहनों को धरने से हटाने का जबरन प्रयास किया गया और सड़क पर खींचा गया। अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में खबर आने के बाद, 4 दिसंबर को सिर्फ एक बहन डॉ. उज्मा ख़ानम को मिलने की इजाजत मिली। लेकिन जैसे ही डॉ. उज्मा ख़ानम ने इमरान खान का संदेश सार्वजनिक किया— जिसमें उन्होंने आसिम मुनीर पर निशाना साधते हुए उन्हें पाकिस्तान में आतंकवाद का जिम्मेदार ठहराया था— उसके अगले ही दिन, 5 दिसंबर को सरकार ने इमरान खान की बहनों के मिलने पर पाबंदी लगा दी।
पाकिस्तानी सरकार के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने पाबंदी का कारण बताया कि इमरान खान की बहनों ने जेल के नियमों का उल्लंघन किया है, क्योंकि जेल से राजनीतिक बयान देना नियमों के खिलाफ है। हालांकि, असल कारण उसी दिन पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी की प्रेस कॉन्फ्रेंस से सामने आ गया, जहाँ इमरान खान को ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा’ और ‘ज़ेहनी मरीज़’ (मानसिक रोगी) बताया गया।
फिलहाल, इमरान खान बनाम आसिम मुनीर की लड़ाई में इमरान खान को उनके परिवार से मिलने पर पाबंदी लगी हुई है। इलाज के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के डॉक्टरों की टीम अडियाला जेल गई थी, जहाँ उनके कुछ जरूरी टेस्ट किए गए। लेकिन, इन टेस्टों में क्या निकला और इमरान खान की असल सेहत कैसी है, यह जानकारी आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ की सरकार बताने को तैयार नहीं है। इमरान खान की बहन अलीमा ख़ानम नियाज़ी ने इस मामले पर पाकिस्तानी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि जब नवाज शरीफ जेल में थे, तब उनके साथ उनका डॉक्टर हर समय रहता था, लेकिन इमरान खान को एक साल में एक बार भी उनके अपने डॉक्टर से नहीं मिलने दिया गया।
Read More: Nigeria Military: नाइजीरिया में सेना ने तोड़ी हदें, प्रदर्शन कर रहीं 9 महिलाओं को गोली मारी
Iftaari Attack: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर गैंगवार और सांप्रदायिक तनाव की आहट…
Pakistan Afghanistan War: मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजरायल युद्ध की तपिश के बीच अब दक्षिण…
Strait of Hormuz: मिडिल ईस्ट में जारी भीषण संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप…
DA Hike: त्रिपुरा की राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को होली और नए…
Global Warming: हम सभी जानते हैं कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण तापमान बढ़ रहा है…
Mosquito Deaths: गर्मियों की आहट के साथ ही घरों में मच्छरों का आतंक शुरू हो…
This website uses cookies.