India AI Impact Summit 2026: भारत की राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में सोमवार को ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ का भव्य आगाज हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाम को इस ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया। यह आयोजन इसलिए भी खास है क्योंकि यह ‘ग्लोबल साउथ’ (Global South) में अपनी तरह की पहली अंतरराष्ट्रीय एआई समिट है। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस पांच दिवसीय महाकुंभ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सुरक्षा, गवर्नेंस और डेटा सिक्योरिटी जैसे गंभीर विषयों पर वैश्विक स्तर पर चर्चा की जाएगी।

विश्व के दिग्गज नेता और टेक दिग्गजों का जमावड़ा
इस समिट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती धमक साफ दिखाई दे रही है। कार्यक्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सहित 15 से 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मंत्री शिरकत कर रहे हैं। तकनीक की दुनिया के बड़े नाम जैसे गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, और माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक भी इस मंच पर अपनी बात रखेंगे। भारतीय उद्योग जगत से बायोकॉन की अध्यक्ष किरण मजूमदार शॉ और 40 से अधिक वैश्विक सीईओ इस चर्चा का हिस्सा बनेंगे।
ग्लोबल यूथ चैलेंज: युवाओं में एआई के प्रति जागरूकता
समिट के दौरान ‘युवा एआई प्रोग्राम’ आकर्षण का केंद्र रहने वाला है। यह एक वैश्विक प्रतियोगिता है जिसका उद्देश्य छात्रों और युवा पेशेवरों के बीच एआई की समझ को बढ़ाना है। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के अनुसार, इस चैलेंज के लिए 38 देशों से करीब 2500 आवेदन आए थे। चयन प्रक्रिया के बाद 20 शीर्ष फाइनलिस्ट का चुनाव किया गया है, जिनमें 15 टीमें भारत से हैं। इन युवाओं को वैश्विक मंच पर अपने नवाचार (Innovation) प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
पाँच दिनों का विस्तृत एजेंडा: स्वास्थ्य से लेकर कृषि तक एआई
अगले पांच दिनों तक भारत मंडपम और सुषमा स्वराज भवन में सेमिनारों की झड़ी लगी रहेगी। इस दौरान स्वास्थ्य, ऊर्जा, शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एआई के उपयोग पर केसबुक और विशेष संग्रह प्रकाशित किए जाएंगे। एक विशेष कार्यक्रम ‘AI by Her: ग्लोबल इंपैक्ट चैलेंज’ का आयोजन भी किया जाएगा, जो महिलाओं के एआई क्षेत्र में योगदान को समर्पित होगा। इसके साथ ही ‘अप्लाइड एआई’ पर आधारित सेमिनार, पैनल चर्चा और राउंडटेबल कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएंगी।
एआई इम्पैक्ट एक्सपो: 13 देशों के पवेलियन और स्टार्टअप्स का संगम
समिट के साथ-साथ आयोजित हो रहे ‘एआई इम्पैक्ट एक्सपो’ में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की झलक देखने को मिलेगी। एक्सपो में ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, यूके, फ्रांस और जर्मनी जैसे 13 देशों के समर्पित पवेलियन बनाए गए हैं। इसके अलावा, समिट में 600 से अधिक स्टार्टअप्स अपने इनोवेटिव सॉल्यूशंस पेश करेंगे। ये स्टार्टअप्स मुख्य रूप से हेल्थकेयर, एग्रीटेक, साइबर सिक्योरिटी और अर्बन डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में एआई की भूमिका को प्रदर्शित करेंगे।
वैश्विक मीडिया की नजरें: 300 से ज्यादा विदेशी पत्रकार मौजूद
भारत में आयोजित होने वाला यह ऐसा चौथा बड़ा आयोजन है जिसने अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान इतनी बड़ी संख्या में खींचा है। दुनिया भर से 300 से अधिक विदेशी पत्रकारों ने इस समिट के लिए अपना पंजीकरण कराया है। यह शिखर सम्मेलन न केवल तकनीक के क्षेत्र में भारत के नेतृत्व को दर्शा रहा है, बल्कि यह भी तय कर रहा है कि भविष्य की एआई पॉलिसी और सुरक्षा मानकों में ग्लोबल साउथ की आवाज को प्रमुखता से सुना जाए।
Read More : X Down Today: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स की सेवाएं बाधित, हजारों यूजर्स को फीड देखने में परेशानी

















