India Austria Relations : भारत और ऑस्ट्रिया के बीच कूटनीतिक संबंधों के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रिया के फेडरल चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर के बीच नई दिल्ली में आयोजित एक उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक ने दोनों देशों के भविष्य के संबंधों की नई रूपरेखा तय कर दी है। चांसलर स्टॉकर की इस यात्रा ने न केवल आपसी विश्वास को मजबूत किया है, बल्कि रक्षा, अर्थव्यवथा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार भी खोल दिए हैं। बैठक के दौरान चांसलर स्टॉकर ने भारत की सांस्कृतिक विरासत और शानदार मेहमाननवाजी की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का विशेष आभार व्यक्त किया।

रक्षा और सैन्य सहयोग: आत्मनिर्भर भारत को मिलेगा वैश्विक बल
इस द्विपक्षीय वार्ता का सबसे महत्वपूर्ण और रणनीतिक पहलू रक्षा क्षेत्र में हुआ समझौता रहा। दोनों देशों ने सैन्य मामलों में सहयोग को औपचारिक रूप देने के लिए एक ‘इंस्टीट्यूशनल फ्रेमवर्क’ (संस्थागत ढांचा) तैयार करने पर सहमति जताई है। इस ढांचे के अंतर्गत रक्षा उद्योग और तकनीकी साझेदारी को नई गति दी जाएगी। यह समझौता भारतीय रक्षा क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके जरिए भविष्य में डिफेंस पॉलिसी पर नियमित संवाद, सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम और कैपेसिटी बिल्डिंग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे भारत की सामरिक शक्ति और तकनीकी कौशल में इजाफा होगा।
व्यापार के लिए ‘फास्ट ट्रैक मैकेनिज्म’: निवेशकों की राह होगी आसान
आर्थिक संबंधों को नई ऊर्जा देने के लिए भारत और ऑस्ट्रिया ने ‘फास्ट ट्रैक मैकेनिज्म’ (Fast Track Mechanism) स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह एक विशेष व्यवस्था होगी जिसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों की कंपनियों के सामने आने वाली नौकरशाही और व्यापारिक बाधाओं को दूर करना है। इस तंत्र के माध्यम से निवेशकों की समस्याओं की पहचान की जाएगी और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल ऑस्ट्रियाई कंपनियों के लिए भारत में निवेश करना आसान होगा, बल्कि भारतीय कंपनियों को भी यूरोपीय बाजार में अपनी पैठ जमाने के लिए एक सुलभ रास्ता मिलेगा।
ऑडियो-विजुअल संधि: वैश्विक मंच पर चमकेगा भारतीय सिनेमा
सांस्कृतिक मोर्चे पर दोनों देशों ने ‘ऑडियो-विजुअल को-प्रोडक्शन’ संधि पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता दोनों देशों के फिल्म उद्योगों के बीच रचनात्मक सेतु का काम करेगा। इसके तहत संयुक्त फिल्म निर्माण, तकनीकी सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे भारतीय फिल्मकारों और कलाकारों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, विदेशी लोकेशनों पर भारतीय फिल्मों की शूटिंग और ऑस्ट्रियाई रचनात्मकता का भारतीय सिनेमा में समावेश ‘सॉफ्ट पावर’ के रूप में भारत की वैश्विक छवि को और अधिक सशक्त बनाएगा।
सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा: आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता
वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए दोनों देशों ने सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा पर भी साझा दृष्टिकोण अपनाया है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए एक ‘जॉइंट वर्किंग ग्रुप’ (Joint Working Group) के गठन का निर्णय लिया गया है, जो खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और काउंटर-टेररिज्म रणनीतियों पर काम करेगा। इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में ऑस्ट्रिया की एजेंसी AGES और भारत की FSSAI के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ। यह साझेदारी खाद्य मानकों और वैज्ञानिक अनुसंधान में सहयोग बढ़ाएगी, जिससे कृषि उत्पादों के द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
Read More: Crime in Indore : इंदौर में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात, खंडहर में मिली बुजुर्ग की क्षत-विक्षत लाश


















